पंजाब: निकाय चुनावों से पहले AAP का फैसला- पार्षद बनने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन फार्म
लुधियाना। आम आदमी पार्टी ने निकाय चुनावों को लेकर कसरत आरंभ कर दी है। आप पार्टी अब निकाय चुनावों का आगाज भी डिजिटल के माध्यम से कर रही है। पार्टी ने सत्ता में आने के लिए कई लोगों को निगम चुनाव में आगे लाने को कहा था। ऐसे में एक अनार सौ बीमार वाली कहावत सटीक साबित हो रही है।

दरअसल, पार्टी ने पार्षद चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के लिए आनलाइन फार्म निकाला है, ताकि डाटा तैयार कर जमीनी हकीकत पता लगाई जा सके। आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पार्टी चुनावों में नए चेहरों खासकर युवाओं को जमीन पर उतारना चाहती है। ताकि संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जा सके।
आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान शरणपाल सिंह मक्कड़ ने कहा कि हर वर्ग के लोगों को फार्म भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। फार्म में बेसिक जानकारी ली जा रही है और इसके बाद पार्टी इसकी स्क्रीनिंग कर आगे सर्वे करवाकर टिकट के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रति रूझान का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हर वार्ड से बीस से पच्चीस लोग पार्षद चुनाव के लिए अप्लाई कर रहे हैं। इसमें न केवल आम आदमी पार्टी के वालंटियर बल्कि पढ़े लिखे प्रोफेशनल भी आगे आ रहे हैं।
दस सवालों का फार्म
पार्षद बनने के इच्छुक लोगों के लिए आनलाइन फार्म में दस स्टेप दिए गए हैं। इसमें नगर निगम का नाम, वार्ड संख्या, आवेदक का नाम, उम्र, पता, फोन नंबर, आवदेक के पिता का नाम, क्या आप आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं, राजनीतिक और समाजिक पृष्ठभूमि और वार्ड के पांच प्रमुख मुद्दों के बारे में पूछा गया है।












Click it and Unblock the Notifications