तेलंगाना के कृषि मंत्री बोले- किसानों को RBS के तहत अब तक 65 हजार करोड़ रुपये का वितरण
तेलंगाना के कृषि मंत्री सिंगरेड्डी निरंजन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को वित्तीय सहायता देने के 10वें दौर तक रायथु बंधु योजना (आरबीएस) के तहत अब तक 65,559.28 करोड़ रुपये का वितरण किया है।

हैदराबाद,28 दिसंबरः तेलंगाना के कृषि मंत्री सिंगरेड्डी निरंजन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को वित्तीय सहायता देने के 10वें दौर तक रायथु बंधु योजना (आरबीएस) के तहत अब तक 65,559.28 करोड़ रुपये का वितरण किया है। उन्होंने कहा कि बुधवार से लगभग 70.54 लाख किसानों के बैंक खातों में 7,676.61 करोड़ रुपये जमा करने के लिए सरकार की तैयारी पूरी है।
निरंजन रेड्डी ने कहा कि वित्तीय सहायता से तेलंगाना में 53.53 लाख एकड़ तक फसलों की खेती में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी अन्य राज्य के विपरीत तेलंगाना में लागू की जा रही आरबीएस के तहत वित्तीय सहायता मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
निरंजन रेड्डी ने आगे कहा, 'मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव का मकसद है कि देश का पेट भरने वाले किसानों को किसी के आगे हाथ ना फैलाना पड़े। कृषि को तेलंगाना सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और किसानों का कल्याण सरकार की नीतियों के केंद्र में है। आज देश भर के किसान तेलंगाना में लागू की जा रही कल्याणकारी योजनाओं-रायथु बंधु, रायथु भीम, कृषि के लिए मुफ्त बिजली और फसलों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी-- को अपने राज्यों में लागू करने की मांग कर रहे हैं। ये योजनाएं तेलंगाना को किसान समर्थक सरकार बनाती हैं। हालांकि, देश को चलाने वाले शासक किसानों के प्रति ईमानदार नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो झूठ के पुलिंदे पर सत्ता में आए थे, आठ साल बाद भी किसी भी व्यवहार्य और स्पष्ट कृषि नीति को लाने में विफल रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications