दिल्ली में झुग्गियां हटाने का AAP ने किया विरोध, पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
दिल्ली में झुग्गियों को हटाने को लेकर आम आदमी पार्टी विरोध कर रही है। 'आप' कार्यकर्ताओं ने प्रभावित झुग्गीवासियों के लिए आवास की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

Delhi News: तुगलकाबाद के एक इलाके के झुग्गी निवासियों को बेदखली का नोटिस मिलने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद रमेश बिधूड़ी के घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी विधायकों आतिशी और मदन लाल सहित पार्टी के नेताओं ने तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर लिखा था, "भाजपा शर्म करो, झुग्गियां गिराना बंद करो।" भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने 11 जनवरी को तुगलकाबाद किले के अंदर रहने वाले लोगों को 26 जनवरी तक हटने का नोटिस जारी किया था।
वहीं विधायक आतिशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि भाजपा ने लोगों से झूठ बोला है कि वह उन्हें घर दिलाएगी। उन्होंने कहा, "भाजपा ने दिल्ली के लोगों से झूठा वादा किया जब उसने कहा था कि 'जहां झुग्गी वहां मकान।' अब लोगों को उनके मकान तोड़े जाने के नोटिस मिल रहे हैं। हम दिल्ली की जनता के साथ खड़े हुए हैं और किसी को भी अपने घर से बेदखल नहीं होने देंगे।"












Click it and Unblock the Notifications