'पंजाब पर पड़ेगा तीन गुणा अतिरिक्त वित्तीय बोझ', आप प्रवक्ता ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब को रेल-जहाज-रेल मोड के माध्यम से घरेलू कोयले की आवश्यकता पूरी करने के फैसले ने केंद्र की भाजपा सरकार के पंजाब विरोधी चेहरे को एक बार फिर उजागर किया है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब सरकार को कोयले का आयात डायरेक्ट मोड के बजाय रेल-जहाज-रेल (RSR) के माध्यम से करने का निर्देश देने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। इस संबंध में AAP के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने केंद्र सरकार के इस फैसले से पंजाब पर तीन गुणा अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ने की बात कही।
मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब को रेल-जहाज-रेल मोड के माध्यम से घरेलू कोयले की आवश्यकता पूरी करने के फैसले ने केंद्र की भाजपा सरकार के पंजाब विरोधी चेहरे को एक बार फिर उजागर किया है। उन्होंने इसे पंजाब की प्रगति में अड़चन डालने वाला कदम बताया।
अडानी समूह के हितों की रक्षा के आरोप
कंग ने भाजपा पर अडानी समूह के हितों की रक्षा करने तक का भी आरोप लगाया है। इसीलिए सीधे परिवहन सेवा के बजाय सरकार द्वारा कोयले का परिवहन दाहेज/मुंद्रा बंदरगाह के माध्यम से करने का फैसला लिए जाने की बात कही। उन्होंने भाजपा पर कॉर्पोरेट समर्थक पार्टी होने और कॉर्पोरेट मित्रों के हितों की रक्षा के लिए काम करने के आरोप भी लगाए।
कोयला ढुलाई में बाधा पैदा कर रही भाजपा
पंजाब सरकार द्वारा राज्य को सस्ती और निर्विघ्न बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए दिसंबर 2022 में पछवाड़ा केंद्रीय कोयला खदान से कोयले की आपूर्ति दोबारा शुरू की गई थी। लेकिन राज्य सरकार के अनुसार इस ताजा फैसले से कोयला ढुलाई के लिए करीब तीन गुणा अधिक लागत चुकानी पड़ेगी। कंग ने कहा कि भाजपा पंजाब की प्रगति में बाधा डालने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है।












Click it and Unblock the Notifications