AAP ने BJP पर लगाया MCD में टोल टैक्स के कलेक्शन में गड़बड़ी करने का आरोप, आदेश गुप्ता से मांगे जवाब
नई दिल्ली, सितंबर 28। आम आदमी पार्टी ने MCD की सत्ता पर काबिज बीजेपी पर टोल टैक्स के कलेक्शन में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बीजेपी के अंदर टोल टैक्स के पैसों की बंदर बांट हो रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी के द्वारा टोल कंपनी के 92.91 लाख रुपए माफ किए जा रहे हैं। दिल्ली के अंदर लॉकडाउन 19 अप्रैल से 7 जून तक था, जबकि एमसीडी टोल कंपनी को 10 अप्रैल से लेकर 1 अगस्त तक टोल टैक्स की माफी देने जा रही है। एसडीएमसी की स्टैंडिग कमेटी में इस प्रस्ताव का आम आदमी पार्टी विरोध करेगी।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि टोल टैक्स से जो राजस्व दिल्ली या किसी अन्य राज्य को आता है वह रेवेन्यू का बहुत बड़ा सोर्स होता है। दिल्ली नगर निगम को टोल टैक्स से बहुत बड़ी आय होती है। दिल्ली से उत्तर प्रदेश, हरियाणा की सीमा लगती है। गुडगांव, फरीदाबाद, गुडगांव, नोएडा से रोजाना हजारों लोग दिल्ली टोल टैक्स देकर आते हैं। जितनी भी कमर्शियल गाड़ियां, टैक्सी, ट्रक आदि सभी टोल टैक्स देते हैं। इतनी कमाई के बाद भी एमसीडी के दिवालिया होने के पीछे बीजेपी का भ्रष्टाचार है।
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि आदेश गुप्ता 24 घंटे में बताएं कि एमसीडी को सालाना कितना टोल टैक्स मिलना चाहिए? पिछले कुछ सालों से कितना टोल टैक्स सालाना एमसीडी को मिल रहा है? पार्षद आदेश गुप्ता जानते हैं कि एमसीडी के टोल टैक्स में बेईमानी हो रही है और करोड़ों की बेईमानी हो रही है। उन्होंने कहा कि एमसीडी के टोल टैक्स में लगातार जो चोरी हो रही थी वह तो अलग है। अब एक और बड़ी चोरी एमसीडी द्वारा कल की गई है।












Click it and Unblock the Notifications