दिल्ली सरकार को अब होने लगी प्रदूषण की चिंता, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को इस बात के लिए लिखी चिट्ठी
दिल्ली सरकार को सताने लगी प्रदूषण की चिंता, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को चिट्ठी लिख मांग समय
नई दिल्ली, 11 सितंबर: दिल्ली सरकार को प्रदूषण का स्तर बढ़ने की चिंता सताने लगी है. प्रदूषण से कैसे निपटा जाए सरकार ने इस पर मंथन शुरू कर दिया है. वहीं दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को चिट्ठी लिखी है. सर्दी के मौसम में दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी की आशंका के मद्देनजर चर्चा के लिए ये चिट्ठी लिखी गई. इस चिट्ठी में गोपाल राय ने केंद्रीय मंत्री से मिलने का समय मांगा है.

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि प्रदूषण के खतरे से निपटने की कार्य योजना और दिल्ली सरकार के विंटर एक्शन प्लान पर चर्चा के लिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव हमें समय दें. वहीं दिल्ली सरकार ने राजधानी में पटाखों पर बैन को बढ़ा दिया है.
यह बैन 1 जनवरी 2023 तक जारी रहेगा. राज्य के मंत्री गोपाल राय ने ट्वीट कर इस बार में जानकारी दी थी. दिल्ली में दिवाली के दौरान पटाखों के कारण प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है. पिछले साल भी सरकार ने पटाखों पर बैन लगाया था. इस बार भी इसे बढ़ाने का फैसला किया गया है.
गोपाल राय ने ट्वीट कर कहा था कि इस बार दिल्ली में पटाखों की ऑनलाइन बिक्री/डिलीवरी पर भी प्रतिबंध रहेगा. यह प्रतिबंध 1 जनवरी 2023 तक लागू रहेगा. प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने को लेकर दिल्ली पुलिस, DPCC और राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जाएगी. दिल्ली में लोगों को प्रदूषण के खतरे से बचाने के लिए पिछले साल की तरह ही इस बार भी सभी तरह के पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जा रहा है, तांकि लोगों की जिंदगी बचाई जा सके.












Click it and Unblock the Notifications