पंजाब में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लगातार एक्शन ले रही मान सरकार, भाजपा में शामिल हुए कांग्रेसी भी घेरे में
जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आखिर भाजपा पर भी हाथ डाल ही दिया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद जब मुख्यमंत्री का पद भगवंत मान को मिला तो उन्होंने आते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। पहले तो उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले को लेकर हैल्पलाइन का गठन किया और उसके बाद पूर्व कांग्रेस मंत्रियों के केसों को खोलना शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जब सबसे पहले पूर्व कांग्रेस मंत्री डा. साधु सिंह धर्मसोत पर भ्रष्टाचार के मामले को लेकर एक्शन लिया तो पूर्व कांग्रेस मंत्रियों व नेताओं में खौफ पैदा हो गया। पूर्व कांग्रेस मंत्रियों को यह एहसास हुआ कि अगर वह कांग्रेस में रहते हैं तो भगवंत मान द्वारा उन पर विजीलैंस कार्रवाई की जाएगी। इससे भयभीत पूर्व कांग्रेस मंत्रियों ने भाजपा की शरण लेनी शुरू कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अमित शाह से मुलाकात करने के बाद उन्होंने भी अपनी पार्टी की शमूलियत भाजपा में करवा ली। भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व कांग्रेस मंत्रियों को यह उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके ऊपर हाथ नहीं डालेंगे परन्तु पूर्व कांग्रेस मंत्रियों का यह अनुमान भी गलत साबित हुआ।
अभी तक तो कांग्रेस में रहने वाले पूर्व मंत्रियों जिनमें भारत भूषण आशु भी शामिल थे, की गिरफ्तारियां हो रही थीं परन्तु अब तो मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस मंत्रियों की गिरफ्तारियां भी करनी शुरू कर दी हैं। इससे भाजपा में शामिल कई अन्य पूर्व कांग्रेसी मंत्री भी भयभीत दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह कड़ा स्टैंड ले लिया है कि वह किसी भी भ्रष्टाचारी पर रहम नहीं करेंगे। चर्चा यह भी शुरू हो गई है कि भगवंत मान द्वारा आने वाले दिनों में पूर्व अकाली मंत्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है और पूर्व अकाली सरकार के दौरान हुए घोटालों को भी खोला जा सकता है। अब आने वाले दिनों में भगवंत मान सरकार का टकराव केंद्र की भाजपा सरकार के साथ भी बढ़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications