BJP के 'वचन पत्र' को AAP ने बताया छलावा
नई दिल्ली: भाजपा ने दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए आज अपना 'वचन पत्र' (घोषणा पत्र) जारी किया. वचन पत्र में बीजेपी ने दिल्ली में 'हर घर को नल से जल' और 'जहां झुग्गी वहीं मकान देने' का वादा किया है. दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने 'वचन पत्र' जारी किया. इस दौरान दोनों ने आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा. आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार की रुचि दिल्ली के लोगों को पाइपलाइन के जरिए साफ पानी मुहैया कराने में नहीं है, क्योंकि उसकी टैंकर माफिया से सांठगांठ है. मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को कई गारंटी दी थी, लेकिन आजतक पूरी नहीं की. उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को गैस चैम्बर बना डाला है.

इन आरोपों का जवाब आम आदमी पार्टी की विधायक और अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना ने दिया. उन्होंने कहा, 'हम इंतजार कर रहे थे कि वे बताएं कि पिछले 15 सालों में उन्होंने क्या किया. लेकिन इनमें से किसी बात को बीजेपी ने नहीं रखा. पिछली बार संकल्प पत्र में जो वादा किया था, दिल्ली को साफ करने का उसके बारे में हर दिल्ली वाला जानता है कि बीजेपी ने कूड़े पर क्या काम किया है. बीजेपी ने जब अपना रिपोर्ट कार्ड पेश नहीं किया, तो हमने सोचा हम ही कर देते हैं. मनोज तिवारी ने 2017 में जो संकल्प पत्र जारी किया था, हम पूछ रहे हैं कि उन वादों का क्या हुआ? वादा किया था कि हम MCD के लिए फंड सीधा केन्द्र सरकार से लेकर आएंगे, लेकिन पिछले 5 साल में केन्द्र सरकार ने MCD को एक रुपए भी नहीं दिया.'
आतिशी ने कहा, 'बीजेपी ने दिल्ली को ढलाव मुक्त करने का वादा किया था. ढलाव मुक्त करने की बजाय पूरी दिल्ली को कूड़ा-कूड़ा कर दिया. दिल्ली के लोग आज अपना पता कुछ इस तरह बताते हैं कि कूड़े के ढेर से किस तरफ मुड़ना है. बीजेपी ने वादा किया था कि लैंडफिल साइट्स को हटाएंगे और उस कचरे से हाईवे बनाएंगे. लेकिन आज इसकी ऊंचाई कुतुब मीनार से ज्यादा हो गई है. दीवारें तक टूट गई हैं, बढ़ते कूड़े की वजह से. 5 किमी तक बदबू आती है, पानी तक प्रदूषित है. बीजेपी ने एक और वादा किया था कि सभी मार्केट की रात में क्लीनिंग होगी. लेकिन स्थिति यह है कि आप सुबह, शाम और रात को भी मार्केट जाएंगे तो सिर्फ कबाड़ा दिखेगा.'












Click it and Unblock the Notifications