Navratri 2023 Vrat Tips: गर्भवती महिलाएं और दिल के मरीज इन तरीकों से रखें उपवास, नहीं होगी कोई दिक्कत
Navratri 2023 Vrat Tips: शारदीय नवरात्रि अपने साथ बहुत सारा उत्साह, उमंग और जोश लेकर आता है। इस पर्व में मां के नौ रूपों की पूजा होती है लेकिन उनके भक्तगण उनके लिए उपवास भी रखते हैं। वैसे तो ये आस्था से जुड़ा प्रश्न है लेकिन अगर कोई प्रेग्नेंट महिला या हार्ट का मरीज नवरात्रि का व्रत कर रहा है तो उसे विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है क्योंकि उपवास की वजह से ब्लड शुगर बढ़ सकता है।

इन्ही सब कारणों से लोग गर्भवती महिलाओं और दिल के मरीजों से उपवास ना करने की बात कहते हैं लेकिन अगर ऐसे लोग उपवास रखना चाहें तो उन्हें अपने डॉक्टर से सलाह लेकर व्रत रखना चाहिए।
उपवास रखना गलत नहीं है लेकिन...
वाराणसी की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ नीना अवस्थी कहती हैं कि 'मैं गर्भवती महिलाओं को यही सलाह देना चाहती हूं कि उपवास रखना गलत नहीं है, अगर आप स्वस्थ हैं तो आपको हफ्ते में एक दिन या एक टाइम ता उपवास जरूर करना चाहिए लेकिन गर्भवस्था में महिला के साथ उसका शिशु भी जुड़ा हुआ है,ऐसे में उनका लंबे वक्त तक भूखा रहना उचित नहीं है।'
दो-दो घंटे के अंतराल पर कुछ ना कुछ खाते रहना चाहिए
'लेकिन अगर गर्भवती महिला पूरी तरह से स्वस्थ है तो उसे व्रत रखने में कोई दिक्कत नहीं है। बस उसे निर्जला व्रत नहीं करना चाहिए और दो-दो घंटे के अंतराल पर कुछ ना कुछ खाते रहना चाहिए।'
ऐसे में इन चीजों से बचने की जरूरत है
'अक्सर व्रत में लोग तैलीय चीजों का प्रयोग ज्यादा करते हैं तो ऐसे में इन चीजों से बचने की जरूरत है। गर्भवती महिलाएं पौष्टिक चीजें जैसे दूध, फल, मेवा पर ध्यान दें और दो-दो घंटे के अंतराल पर ये जरूर खाएं। पानी का सेवन भरपूर करें और चाय-कॉफी से परहेज करें। नारियल पानी से अपने दिन की शुरुआत करें और एक्सरसाइज करें।'
पहले डॉक्टर से बात करें तभी रखें व्रत
सेंधा नमक का प्रयोग जरूर करें क्योंकि नमक की कमी से बच्चे को दिक्कत हो सकती है। कुट्टू , आलू, लौकी, टमाटर , मखाने की खीर, साबूदाना ये सब आपको ऊर्जा देगा। अगर इस तरह से कोई गर्भवती महिला उपवास रख रही है तो फिर उसे और उसके बच्चे को कोई दिक्कत नहीं होगी लेकिन फिर भी व्रत रखें या ना रखें इस बारे में पहले डॉक्टर से बात करें तभी रखें।
लिक्विड फूड से अपनी एनर्जी कम ना होने दें
तो वहीं दिल के मरीजों को भी लंबा वक्त तक भूखा रहने से रोका जाता है इसलिए अगर वो भी उपवास रख रहे हैं तो दो-दो घंटे में फलाहार खाते रहें। लिक्विड फूड से अपनी एनर्जी कम ना होने दें। दूध, छाछ, लस्सी, नारियल पानी का सेवन लगातार करते रहें। कसरत करते रहें और मन से खुश रहें औऱ ऑयली फूड की जगह हेल्दी फूड को महत्व दें, अगर कोई इन चीजों को फॉलो करता है तो निश्चित तौर पर उसे कोई दिक्कत नहीं होगी।












Click it and Unblock the Notifications