Chhath Puja 2022 Prasad: नहाए-खाए से शुरू हुआ छठ का त्योहार, जानिए कैसे बनाएं लौकी-भात?
Nahaye Khaye Prasad: लोक आस्था के पर्व 'छठ' का प्रारंभ आज से हो गया है। ये त्योहार चार दिनों का होता है। छठ का पहला दिन 'नहाए-खाए' का होता है। इस पर्व में स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा जाता है इसलिए महिलाएं छठ के पहले दिन नहा-धोकर पूजा स्थल और रसोई साफ करती हैं और उसके बाद 'नहाए-खाए' का प्रसाद बनाती हैं। इस दिन महिलाएं बिना प्याज-लहसुन का घी में बनी हुई लौकी की या कद्दू की सब्जी और भात यानी कि चावल भोजन के रूप में ग्रहण करती हैं और उसके बाद ही उनका व्रत की पूजा शुरू होती है। आपको बता दें कि इस सब्जी में सेंधा नमक यानी कि Rock Salt का प्रयोग किया जाता है।

चलिए विस्तार से जानते हैं कि नहाए-खाए का प्रसाद कैसे तैयार किया जाता है?
सामग्री : (2 लोगों के लिए)
- एक लौकी या कद्दू ( कटी हुई)
- एक कप चावल ( साफ किए हुए)
- एक चौथाई कप चने की दाल
- एक चम्मच हल्दी पाउडर।
- स्वादानुसार सेंधा नमक।
- जीरा, तेज पत्ता, हरी मिर्ची।
- घी।
- कुकर, थाली, कलछी और पानी।

विधि
सबसे पहले थोड़ी देर के लिए चावल और दाल को अलग-अलग भिगो दें। इसके बाद कुकर में सिंपल ढंग से चावल बना लें। फिर दूसरे कुकर में घी डालें, थोड़ा सा जीरा डालें, फिर उसमें कटी हुई लौकी डाल दें,इसे थोड़ी देर फ्राई करें, फिर इसमें भिगोई हुई चने की दाल डाल दें। हल्दी और नमक मिलाएं और फिर तीन कप पानी डालकर कुकर बंद करके सिटी लगा लें। इसके बाद एक कढ़ाई में घी गर्म कीजिए और उसमें जीरा, तेज पत्ता, हरी मिर्ची डालिए, जब वो चटकने लगे तो उसमें उबली हुई दाल मिला दें। एक-दो मिनट के लिए दाल को चलाएं। आपकी दाल तैयार है। अब इसे आप चावल के साथ परोसिए। नहाए-खाए का प्रसाद तैयार है।

वैसे छठ पूजा के प्रमुख प्रसाद के रूप में ठेकुआ आता है, जिसके बिना छठ की पूजा अधूरी है। ठेकुआ चीनी या गुड़ और आटे से मिलकर बनता है और काफी स्वादिष्ट होता है। इसके अलावा भगवान को भोग हरे चने की सब्जी का भी लगाया जाता है। इसके साथ महिलाएं पुड़ी भी बनाती हैं , तो वहीं दूध-चावल और गुड़ की बनी खीर भी छठ के मुख्य प्रसादों में से एक है, जिसे रसिया भी कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications