उत्तराखंड: 108 एम्बुलेंस की तरह होगा प्राइवेट एम्बुलेंसों का इस्तेमाल, जीपीएस सिस्टम से होगी निगरानी
सड़क दुर्घटना की आपात स्थिति में अब निजी एंबुलेंस भी 108 एंबुलेंस की तरह काम करेंगी। इसके लिए परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव भेजने को कहा है।
देहरादून, 29 जुलाई। सड़क दुर्घटना की आपात स्थिति में अब निजी एंबुलेंस भी 108 एंबुलेंस की तरह काम करेंगी। इसके लिए परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव भेजने को कहा है। उन्होंने सभी विभागों से सड़क हादसों में होने वाली मौतों को 50 प्रतिशत कम करने का लक्ष्य दोहराया। उन्होंने मार्गों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनीयुक्त साइनबोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।

विधानसभा स्थित कक्ष में परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक ली। मंत्री यशपाल आर्य ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि दुर्घटना के बाद लोगों का जीवन बचाने के लिए निजी एंबुलेंस को भी सरकारी 108 एंबुलेंस की तरह उपयोग में लाया जाए। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: पर्यटन स्थलों पर नहीं हो रहा कोरोना के नियमों का पालन, नैनीताल हाई कोर्ट ने उत्तराखंड सरकार को लगाई फटकार
साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि समस्त एंबुलेंस वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाए। इससे आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस की मांग करने पर दुर्घटना स्थल के पास मौजूद निजी एंबुलेंस भी तुरंत भेजी जा सकेगी। इस बैठक में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और समिति से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
मंत्री आर्य ने लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्रों में जहां भी अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई हैं, उनका बारीकी से अध्ययन करते हुए ब्लैक स्पॉट, स्पीड ब्रेकर, साईन बोर्ड, क्रैश बैरियर आदि सुधार से संबंधित जो भी कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता पर पूरा करें।
परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए न्यायालय द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के सुझावों पर अमल करें। बैठक में आयुक्त गढ़वाल रविनाथ रमन, सचिव परिवहन डॉ. रणजीत सिन्हा, प्रभारी सचिव वी षणमुगम, परिवहन आयुक्त दीपेन्द्र चौधरी, डीआईजी रिधिम अग्रवाल व नीरू गर्ग, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुमन आर्य, मुख्य अभियंता ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications