उत्तराखंड सरकार ने स्कूलों में भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाने के दिए निर्देश
देहरादून, जुलाई 20। उत्तराखंड सरकार विभिन्न विद्यालयों में तैनात भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाने की तैयारी कर रही है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने शिक्षा विभाग को इनका मानदेय पांच हजार रुपये करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अभी तक इन्हें दो हजार रुपये मानदेय मिलता है।

शिक्षा मंत्री ने कुछ स्कूलों में भोजना माताओं को अभी तक मानदेय न दिए जाने के मामले में नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र जारी करने को कहा है। उन्होंने गेस्ट टीचर के रुके वेतन के लिए भी विभाग को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीमा जौनसारी और प्रभारी निदेशक प्राथमिक शिक्षा रामकृष्ण उनियाल ने सोमवार को पदभार ग्रहण करने के बाद शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कुछ स्कूलों में भोजन माताओं को मानदेय न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भोजना माताओं के लंबित मानदेय को तुरंत जारी कराया जाए। इसमें हीलाहवाली करने वाले प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी तय की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में छात्र संख्या कम है और वहां भोजना माताओं को हटाया जा रहा है, तो उन्हें तुरंत बहाल किया जाए। किसी भी स्कूल से भोजन माताओं को नहीं हटाया जाएगा। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कई जिलों में गेस्ट टीचर रुके हुए वेतन को तुरंत जारी करने के भी निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications