गुजरात: CM रूपाणी का दावा- अगला साल खत्म होने तक सभी गांवों में दिन में भी मिलेगी बिजली
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात के सभी गांवों में वर्ष 2022 तक दिन के लिए भी बिजली मुहैया करा दी जाएगी। यह घोषणा ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल ने की है। पटेल ने कहा कि राज्य सरकार खेती के लिए सस्ती बिजली प्रदान करके इस साल 7,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। वहीं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने दावा किया कि, अगले वर्ष के अंत तक यह काम पूरा हो जाएगा।

मुख्यमंत्री रुपाणी ने गुरुवार को कहा कि, प्रदेश की भाजपा सरकार ने 'किसान सूर्योदय योजना' 'केएसवाई' के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा बनाने के मद में 3,500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री ने जिले के 39 गांवों के लिए परियोजना की शुरुआत करते हुए नर्मदा के तिलकवाड़ा कस्बे की जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि, अब किसान दिन में काम कर सकते हैं और रात में आराम कर सकते हैं। रूपाणी ने कहा कि पिछले कांग्रेस शासन के विपरीत, गुजरात में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार, किसानों की सरकार है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गुजरात में 25 साल पहले कांग्रेस के शासन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी किसानों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मगर हम किसानों के हित में काम कर रहे हैं। वहीं, इस अवसर पर गुजरात के ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल ने कहा कि राज्य सरकार खेती के लिए सस्ती बिजली प्रदान करके इस साल 7,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी।
ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल ने कहा, "लंबे समय से हमने किसानों के लिए बिजली दरों में वृद्धि नहीं की है। हालांकि लागत बढ़ रही है, हमने केवल 60 रुपये प्रति यूनिट की दर से शुल्क रखा है। किसानों की ओर से, सरकार जीयूवीएनएल (राज्य बिजली इकाई) को 7,500 करोड़ रुपये की कमी का भुगतान इस साल सब्सिडी के रूप में करेगी। " उन्होंने कहा कि पूरे राज्य को तीन साल में किसान सूर्योदय योजना के तहत अपने दायरे में लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications