MCD चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पार्षद उषा शर्मा AAP में शामिल
नई दिल्ली, 24 जून। किशनगंज वार्ड-81 से कांग्रेस की निगम पार्षद उषा शर्मा अपने पति संजय शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गई। आप संयोजक व मंत्री गोपाल राय ने सभी को टोपी और पार्टी का पटका पहनाकर आम आदमी पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर गोपाल राय ने कहा कि पूरी दिल्ली में एक संदेश जा रहा है कि दिल्ली में यदि कोई पार्टी या नेता काम कर सकता है तो वह आप और अरविंद केजरीवाल हैं। जिस तरह से दिल्ली के लोगों ने आप सरकार को विधानसभा में काम करने का मौका दिया और आप ने करके दिखाया है। नगर निगम के अंदर भी हम बदलाव करेंगे। एमसीडी को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे और विकास की रफ्तार को और तेज करेंगे।

आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उषा शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की हालत आप लोगों से छिपी नहीं है। कर्मचारियों को सैलरी नहीं मिल रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य का हाल दिन प्रतिदिन बदतर होता जा रहा है। मैं अपने क्षेत्र में विकास के कार्य नहीं करा पा रही हूं इसलिए मैं आप में शामिल होकर अपने क्षेत्र का विकास करना चाहती हूं।
बता दें कि आम आदमी पार्टी पिछले निगम चुनाव में सत्ता में काबिज नही हो पायी थी। इसलिए पार्टी अगले साल होने वाले निगम चुनाव को देखते हुए पार्टी को और मजबूत करने में जुटी है। आप नेताओं का दावा है कि अगले निगम चुनाव में पार्टी निगम की सत्ता में काबिज हो जाएगी। बता दें कि दिल्ली में आप की सरकार होने के बाजजूद पिछले चुनाव में भाजपा निगम पर काबिज हुई थी। दिल्ली के तीनों निगमों में महापौर और उप महापौर भाजपा के हैं। निगम में भाजपा बहुमत में है। जबकि आम आदमी पार्टी विपक्ष की भूमिका में है।












Click it and Unblock the Notifications