‘एक कचौड़ी दो समोसा, इन 'मर्दों' का क्या भरोसा’, आखिर महिलाओं को सुरक्षा के लिए कब तक डरना पड़ेगा?

"एक कचौड़ी, दो समोसा... इन मर्दों का क्या भरोसा!" "एक सुट्टा, दो चाय... मर्द जात हाय-हाय!" पिछले कुछ दिनों से दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस की गलियों से लेकर सड़कों तक छात्राओं का यह गुस्सा गूंज रहा है।

लेडी श्रीराम (LSR), गार्गी, मिरांडा हाउस और राजधानी कॉलेज की छात्राएं सड़कों पर हैं। वजह? महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध, जमुई में छेड़छाड़ से लेकर दिल्ली में 17 साल की लड़की से गैंगरेप तक।

Women s safety in India

सुनो पुरुष प्रधान समाज... आज सीधी बात। कब तक ये समाज हम महिलाओं को ही 'सेफ्टी मैनुअल' थमाएगा। मतलब जुल्म भी हम महिलाओं पर और आजादी भी हमारी ही छीनी जाएगी? कैद भी हमें ही किया जाएगा? आखिर समाज के लिए कोई गाइडलाइन क्यों नहीं बनी है? अब देखिए दक्षिण दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की एक लड़की के साथ कथित गैंगरेप हुआ। पार्क के गेटों पर CCTV नहीं थे और चारदीवारी का कुछ हिस्सा टूटा हुआ था। लेकिन हमारी सरकार ने क्या फैसला लिया...DDA ने पार्कों में सूर्यास्त के बाद एंट्री ही कंट्रोल कर दी... देखा आपने? सरकारी जवाब वही पुराना है। जहां अपराध हुआ, वहां ताला लगा दो। मगर सवाल यह है कि ताला अपराधी पर लगना चाहिए या पार्क पर? रात में मत निकलो, अकेले मत जाओ, छोटे कपड़े मत पहनो, ये सारी पाबंदियां सिर्फ औरतों के हिस्से क्यों आती हैं?

"एक कचौड़ी, दो समोसा... इन मर्दों का क्या भरोसा!" अब इस नारेबाजी को लेकर सोशल मीडिया और आम चर्चाओं में एक बहस छिड़ गई है। इस नारे ने शायद बहुत से लोगों को हंसाया भी होगा, कुछ को चुभा भी होगा और कुछ पुरुषों को यह लगा होगा कि उन्हें बेवजह कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। लेकिन इस नारे के पीछे जो गुस्सा है, उसे सिर्फ एक मजाकिया तुकबंदी समझकर खारिज कर देना भी सही नहीं होगा।

कई पुरुषों का कहना है कि "सारे मर्द ऐसे नहीं होते" और इस तरह के नारे पूरे मर्द समाज को एक ही तराजू में तौलते हैं। कुछ लोगों का तर्क है कि अगर नारों में 'मर्द' की जगह 'रेपिस्ट', 'दरिंदे' या 'हिंसाकारी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर तुकबंदी की जाती, तो विरोध का निशाना सीधे अपराधियों पर होता।

लेकिन जरा ठहरकर उस गुस्से की गहराई को समझिए। यह नारा सिर्फ किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, उस पूरी सामाजिक व्यवस्था और पितृसत्तात्मक खामोशी के खिलाफ एक झल्लाहट है, जहां औरत को हर मोड़ पर डरकर जीना पड़ता है। जब कोई महिला सड़क पर निकलती है, तो उसके चेहरे पर यह नहीं लिखा होता कि कौन सा मर्द सुरक्षित है और कौन नहीं। इसीलिए यह गुस्सा फूटा है।

Women s safety in India

एक महिला जब घर से निकलती है, तो उसके साथ एक पूरा 'सेफ्टी मैनुअल' निकलता है

कभी सोचा है, किसी पुरुष को शाम सात बजे के बाद घरवालों को लाइव लोकेशन भेजने की जरूरत कितनी बार पड़ती है? कभी ऐसा हुआ है आपके साथ कि शाम को 7 बजे के बाद बाहर निकलते ही अपना लाइव लोकेशन घर वालों या दोस्तों के साथ शेयर करनी पड़े? कैब का ऑप्शन होते हुए भी सिर्फ डर के मारे ऑटो से ट्रैवल किया है, क्योंकि ऑटो खुला होता है और भागने का मौका रहता है? कैब में बैठने से पहले ड्राइवर की फोटो और गाड़ी का नंबर फैमिली ग्रुप पर भेजा है?

क्या कभी लेट नाइट सड़क पर चलते वक्त हाथ में 'पेपर स्प्रे' की ग्रिप टाइट करके चले हो? या रात में सफर करते वक्त नींद से आंखें मूंदने के बजाय सिर्फ इसलिए जागते रहे हो कि पता नहीं कब कौन सी नीयत बदल जाए? क्या कभी नाइट शिफ्ट वाली अच्छी-खासी नौकरी सिर्फ इसलिए छोड़ दी कि रात में घर लौटना सुरक्षित नहीं है?

आप नहीं करते न? सोचना भी नहीं पड़ता होगा! लेकिन आपके घर की, आपकी मां, बहन, पत्नी और आपकी दोस्त, दिन में दस बार यह सब करती हैं। और सबसे दुखद बात जानते हैं क्या है? हमने इसे डर कहना ही छोड़ दिया है। हमें तो बचपन से ही सिखा दिया गया है कि "अपनी सुरक्षा अपने हाथ में है।"

Women s safety in India

पार्क में ताला लगाना समाधान नहीं है!

आस्था कुंज की घटना के बाद पार्कों की सुरक्षा पर सवाल उठना बिल्कुल जायज है। वहां खराब रोशनी, कमजोर निगरानी, टूटे हिस्से और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर रिपोर्टें सामने आईं। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने अपने करीब 300 पार्कों का सुरक्षा ऑडिट शुरू किया और प्रशासन की ओर से गश्त, रोशनी, सुरक्षा कर्मियों और अंधेरे हिस्सों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

लेकिन सवाल यह है कि समाधान क्या होगा? अगर जवाब यह है कि महिलाएं रात में पार्क में न जाएं, देर से बाहर न निकलें, अकेले न चलें या सार्वजनिक जगहों से दूरी बना लें, तो फिर अपराधी की जगह महिला की आजादी क्यों सीमित हो रही है?

सुरक्षा का मतलब महिलाओं की दुनिया छोटी करना नहीं हो सकता। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी 2025 में कहा था कि असली महिला सशक्तिकरण तभी होगा जब महिलाओं को बिना उत्पीड़न, अपमान और डर के जीने और स्वतंत्र रूप से आने-जाने का माहौल मिले।

हम लड़कियां थक चुकी हैं यह सुन-सुनकर कि जीवित बचना हमारी अपनी जिम्मेदारी है। हमारे समाज का लॉजिक भी कितना कमाल का है! लड़कों को यह सिखाने के बजाय कि 'किसी महिला को नुकसान नहीं पहुँचाना है', बचपन से लड़कियों को इस बात की पीएचडी करा दी जाती है कि 'खुद को दरिंदों से कैसे बचाना है'।

आखिर कब तक एक औरत की सिक्योरिटी के लिए उसे किसी की 'बेटी', किसी की 'बहन', किसी की 'पत्नी' या 'मां' का टैग लगाना पड़ेगा? क्या एक महिला सिर्फ एक 'इंसान' होने के नाते आजादी से जी नहीं सकती? क्या उसका सिर्फ एक इंसान होना काफी नहीं है।

Women s safety in India

विवेकानंद की प्रतिमा के सामने खड़ी एक छात्रा और भारत का सवाल

हाल ही में दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज की एक छात्रा की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। वह लड़की स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने पोस्टर लेकर खड़ी थी। 133 साल पहले, 1893 में विवेकानंद ने शिकागो में दुनिया को भारत की महानता, सहिष्णुता और संस्कृति का परिचय दिया था। और आज, 2026 में, उसी भारत की एक बेटी विवेकानंद के सामने खड़ी होकर अपने लिए सिर्फ एक बुनियादी अधिकार मांग रही है-'सुरक्षा'। यह तस्वीर आज के भारत का सबसे बड़ा विरोधाभास है।

महिला का रेप होता है तो समाज में विक्टिम का जीना मुश्किल हो जाता है, उसको अपना चेहरा छिपाकर चलना पड़ता है। जबकि होना ये चाहिए कि आरोपी का जीना मुश्किल होना चाहिए। अपराधियों का नाम, चेहरा पब्लिक होना चाहिए, उनको शर्मिंदा होना चाहिए। उनकी आजादी छिननी चाहिए, नाकि जमानत मिलनी चाहिए।

Women s safety in India

महिला सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं बदला? सवाल आरोपियों से कम, पीड़िता पर ज्यादा उठे!

जब मैंने महिला सुरक्षा को लेकर अपनी साथी महिला कलीग से इस बारे में बात की थी तो उनका भी मानना महिला सिक्योरिटी को लेकर कुछ ऐसा ही था। बोल्ड स्काई की एडिटर वंदना सिंह कहती हैं,

''साल 2009 में जब मैं पढ़ाई के लिए दिल्ली आई, तो मेरा कॉलेज साउथ दिल्ली के सैनिक फार्म्स में था, एक ऐसा इलाका जो दिल्ली के सबसे पॉश इलाकों में गिना जाता है, जहां नामचीन हस्तियों और सेलिब्रिटीज़ के बड़े-बड़े बंगले हैं। कॉलेज से महज़ 15 मिनट की दूरी पर हमारा हॉस्टल था, जहां छात्राएं अक्सर पैदल ही चली जाती थीं। हॉस्टल के ठीक पीछे खानपुर गांव था, जहां के कुछ लड़कों ने हम छात्राओं के आने-जाने का वक्त नोट कर लिया था। नतीजा यह हुआ कि एक दिन मेरी सीनियर और ठीक अगले दिन मेरी रूममेट के साथ छेड़छाड़ (ईव-टीजिंग) हुई। और फिर एक दिन मेरी बारी आई। उस दोपहर जब मैं अकेले लौट रही थी, तो मुझे पीछे से आती एक बुलेट की आवाज सुनाई दी। मैं जैसे ही पलटी, दो लड़के मुझे गलत नीयत से छूने ही वाले थे कि मैंने तुरंत सड़क किनारे पड़ी एक ईंट उठाई और उन्हें दौड़ा दिया। वह मेरे जीवन की सबसे भयावह और डरावनी दोपहर थी। यह किस्सा आज मैं इसलिए साझा कर रही हूँ क्योंकि 16-17 साल बीत जाने के बाद भी दिल्ली में लड़कियों के हालात रत्ती भर नहीं बदले। पॉश इलाका हो या कोई आम सड़क, जो असुरक्षा 15-20 साल पहले थी, वही खौफ आज भी कायम है। महिलाओं के लिए दिल्ली नहीं बदली है। अब वक्त आ गया है कि इस रोज-रोज के डर और असुरक्षा के साये से महिलाओं को हमेशा के लिए आजादी मिले।''

वनइंडिया हिंदी की डिप्टी न्यूज एडिटर पूर्णिमा आचार्य कहती हैं,

''महिलाओं के लिए सुरक्षित शहर का मतलब ये नहीं होना चाहिए कि उन्हें देर रात बाहर निकलने से रोका जाए, कपड़ों पर सवाल उठाए जाएं या घरवालों की पाबंदियों को ही सुरक्षा का समाधान मान लिया जाए। महिलाओं की रोजमर्रा की आवाजाही पर होने वाली रोक-टोक तक, हमारे समाज में अक्सर सुरक्षा की जिम्मेदारी महिला के व्यवहार पर डाल दी जाती है। असली सवाल ये है कि शहर ऐसा क्यों न हो जहां लड़की रात में अकेले कैब लेकर घर लौट सके, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में खुद को असुरक्षित महसूस न करे, सड़क पर चलते हुए उसे लगातार चौकन्ना न रहना पड़े और शिकायत करने पर उसकी बात को गंभीरता से लिया जाए। पितृसत्ता से निकलकर सुरक्षा को 'महिला को क्या करना चाहिए' के बजाय 'समाज और व्यवस्था को क्या बदलना चाहिए' के सवाल के रूप में देखना होगा। महिलाओं को बंद करके नहीं, उन्हें बराबरी की आजादी देकर ही एक शहर को वास्तव में सुरक्षित बनाया जा सकता है। हमें इसकी शुरुआत अपने घर से ही करनी होगी।''

सोशल मीडिया की टीम में कार्यरत शांभवी मिश्रा, जो Gen G हैं, उनका कहना है,

''कानून से पहले हमारी सोच बदलने की जरूरत है। महिलाओं के खिलाफ अपराध आज की बात नहीं है। कानून बने, धाराएं सख्त हुईं, फिर भी घटनाएं रुकी नहीं। मेरा मानना है कि दिक्कत सिर्फ कानून की नहीं, हमारी सोच की है। हमने औरतों के साथ हिंसा को "नॉर्मल" बना दिया है। बचपन से सिखाया जाता है, "सात बजे के बाद बाहर मत निकलना, कैब में लोकेशन भेजती रहना।" और अगर फिर भी कुछ गलत हो जाए, तो लड़की खुद को ही दोष देने लगती है। जब पीड़िता खुद को कसूरवार माने, तो समझिए पितृसत्ता जीत गई। जमुई की घटना में भी सवाल आरोपियों से कम, पीड़िता से ज्यादा हुए, "वो शाम को वहां गई ही क्यों?" सवाल ये होना चाहिए कि उन्हें ऐसा करने की हिम्मत कैसे हुई। अगर इस चक्रव्यूह को तोड़ना है, तो सबसे पहले "सुरक्षा के नाम पर कंट्रोल" वाली सोच बदलनी होगी। समाज को मानना पड़ेगा कि किसी औरत का आधी रात को सड़क पर होना अपराध नहीं है। अपराध वो नीयत है जो उसे शिकार समझती है। जब तक हम अपने बेटों को दूसरों की सीमाओं का सम्मान करना नहीं सिखाएंगे, और जब तक इस रोज़ के डर को "नॉर्मल" मानना बंद नहीं करेंगे, तब तक कोई भी नया कानून कागजों से निकलकर सड़कों को सुरक्षित नहीं बना पाएगा।''

NCRB का आंकड़ा सिर्फ सड़क की कहानी नहीं, घर की भी कहानी है

NCRB के मुताबिक 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,44,256 मामले दर्ज हुए, 2023 में 4,48,211 और 2024 में 4,41,534। यानी आंकड़ा साल दर साल लगभग जस का तस है। 2024 में देश में रेप के 29,536 मामले दर्ज हुए। इसका मतलब है कि हर 18 मिनट के आसपास एक रेप केस। और महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध का केस करीब हर 71 सेकंड में दर्ज होता है।

राज्यों में सबसे ज्यादा केस उत्तर प्रदेश (66,396) में दर्ज हुए, फिर महाराष्ट्र (47,954) और राजस्थान (36,536)। रेप के सबसे ज्यादा मामले राजस्थान में (4,871) रहे। लेकिन असली तस्वीर प्रति लाख महिलाओं की दर से दिखती है। राष्ट्रीय दर 64.6 है, जबकि दिल्ली में 130.7 और तेलंगाना में 128.6 रही। यानी राजधानी में महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर देश के औसत से दोगुनी है। बिहार में केस 2022 के 20,222 से बढ़कर 2024 में 27,359 हो गए। ध्यान रखिए, यह सिर्फ दर्ज मामलों का डेटा है। जो लड़कियां शिकायत तक नहीं पहुंच पातीं, वे इसमें गिनी ही नहीं जातीं।

पितृसत्ता का रोल देखना हो तो यह आंकड़ा देखिए। सबसे ज्यादा मामले (1,20,227) पति या ससुराल वालों की क्रूरता के थे। यानी खतरा सिर्फ सुनसान पार्क में नहीं है, अपने घर के अंदर भी है। यह उसी सोच का नतीजा है जो औरत को बराबर का इंसान नहीं, "कंट्रोल में रखने की चीज" समझती है।

अब नैरेटिव बदलना होगा

अब वक्त आ गया है कि भारत में महिला सुरक्षा की बहस का ढांचा बदला जाए। औरतों को 'सर्वाइवल गाइड' और 'सेफ्टी टिप्स' देना बंद कीजिए। अब मर्दों और इस समाज से सवाल पूछना शुरू कीजिए कि ये दरिंदगी और छेड़छाड़ की घटनाएं क्यों हो रही हैं?

मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं, अगर आप वैसे पुरुष नहीं हैं, जिनसे महिलाएं डरती हैं, तो इस डर को समझने की कोशिश कीजिए। महिलाएं आज सिर्फ सुरक्षा नहीं मांग रही हैं। वे अपने शहर में बराबर हिस्सेदारी मांग रही हैं। उन्हें पार्क चाहिए। सड़क चाहिए, रात चाहिए, नौकरी चाहिए, कॉलेज चाहिए, यात्रा चाहिए, आजादी चाहिए।

और सबसे ज्यादा-उन्हें हर कदम पर यह साबित नहीं करना कि वे उस जगह रहने के लायक हैं। साल 2026 में सवाल यह नहीं होना चाहिए कि लड़की रात में बाहर क्यों थी। सवाल यह होना चाहिए कि रात में बाहर निकली लड़की को सुरक्षित रखना समाज और व्यवस्था की जिम्मेदारी क्यों नहीं बन पाया। क्योंकि महिला को कैद करके सुरक्षित रखना सुरक्षा नहीं है। सुरक्षा तब होगी, जब महिला आजादी से बाहर निकले और डर उसके साथ घर से बाहर न निकले।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+