Blue Tick on Twitter: ब्लू टिक पर अफवाह के बहाने मस्क के खिलाफ लेफ्ट लिबरल वॉर
Blue Tick on Twitter: कई महीनों के सस्पेंस के बाद आखिरकार 27 अक्टूबर को खरबपति एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदने का ऐलान कर दिया। ट्वीटर की चिड़िया को फ्री करने के लिए एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर (36 खरब, 39 अरब, 21 सौ 80 करोड़ रूपये) का प्रबंध किया है। इसमें बैंकों से कर्जा और दूसरे निवेशकों का निवेश भी शामिल है जिसे एलन मस्क ने जुटाया है।

इंटरनेट की दुनिया में ऑनलाइन पेमेन्ट गेटवे PayPal से अपने व्यापार की शुरुआत करने वाले एलन मस्क ट्विटर का मालिकाना हक लेने के लिए इतना अधिक धन खर्च कर रहे हैं तो दो ही कारण हो सकते हैं। पहला, उस वेन्चर में बहुत अधिक वित्तीय लाभ की संभावना हो, दूसरा वे इसके जरिए अपने जुनून को पूरा करना चाहते हों।
एलन मस्क के बारे में इतना तो सब जानते हैं कि वो एक जुनूनी व्यक्ति रहे हैं। 2004 में एलन मस्क जब टेस्ला मोटर में 6.5 मिलियन डॉलर का निवेश करके उसके सबसे बड़े शेयरधारक बन गये थे तब किसको अंदाज था कि वो भविष्य को लेकर क्या सोच रहे हैं? उन्होंने दस पंद्रह सालों में टेस्ला को भविष्य की कंपनी बना दिया जिसका आज बाजार मूल्य 713 बिलियन डॉलर है। 2008 से एलन मस्क इसके सीईओ हैं और इसकी बैटरी से चलनेवाली कारों ने पूरी दुनिया में ईवी की लहर पैदा कर दी है।
अपने जूनून भरे निर्णयों के कारण ही मस्क आज संसार के सबसे धनी इंसान हैं। साल 2000 में जब उन्होंने पे पेल की स्थापना की थी तब भी वो भविष्य की ओर देख रहे थे। आनलाइन पेमेन्ट गेटवे उस समय भारत जैसे देशों में ही नहीं, अमेरिका और यूरोप के लिए भी अजीब बात थी।
लेकिन 2002 में उन्होंने पे पेल को बेच दिया और आगे बढ गये। उसके बाद टेस्ला मोटर, स्पेस एक्स और न्यूरालिंक जैसी कंपनियों की शुरुआत की जो वर्तमान में खड़े होकर भविष्य का निर्माण कर रही हैं।
ऐसे में ट्विटर को खरीदने का उनका फैसला व्यवसायिक के साथ साथ जुनूनी भी है। स्वयं एलन मस्क ट्विटर एडिक्ट हैं और वहां खूब एक्टिव भी रहते हैं। जब साल भर पहले एलन मस्क द्वारा ट्विटर खरीदने की बात सामने आयी थी तब उन्होंने कहा था कि वो एडिट बटन पर हाथ रखना चाहते हैं।
ट्विटर में आज भी अपनी पोस्ट को एडिट करने की सुविधा नहीं है जिससे दुनिया भर के यूजर्स को दिक्कत होती है। ट्विटर यूजर अपना ही लिखा हुआ एडिट नहीं कर सकता, उसे पूरी पोस्ट ही डिलिट करनी पड़ती है।
ट्विटर पर 88 मिलियन फॉलोअर वाले डोनाल्ड ट्रंप को ट्विटर ने जब स्थाई रूप से बैन कर दिया था, तभी से मस्क अपनी नाराजगी जता रहे थे। 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद के बाहर हुए हंगामें के लिए ट्विटर ने ट्रम्प के दो ट्वीट को दोषी ठहराया था और 8 जनवरी 2021 को उनका एकाउण्ट स्थाई रूप से बंद कर दिया था।
इसके बाद जब मस्क द्वारा ट्विटर को खरीदने की चर्चा शुरु हुई तो उन्होंने बार बार ट्विटर के इस निर्णय को गलत ठहराया था। इसी साल मई में उन्होंने कहा था कि ट्रम्प के एकाउण्ट को बैन करना "एक गलती" थी। इससे पहले अप्रैल में उन्होंने ट्विटर के सीईओ को मेल किया था कि "स्थाई प्रतिबंधों को खत्म करना बड़ा कदम होगा। यह सिर्फ स्पैम और हिंला फैलानेवालों के लिए ही ठीक होगा।"
स्वाभाविक है एलन मस्क की रुचि ट्विटर को किसी भी खास लॉबी या विचारधारा से बाहर निकालकर सबसे लिए समान रूप से सुलभ करवाने की है। इसलिए पराग अग्रवाल और विजया गड्डे को ट्विटर से बाहर भी कर दिया गया क्योंकि वो अपनी "लेफ्ट लिबरल विचारधारा" से समझौता नहीं करना चाहते थे। इसके लिए वो किसी भी विपरीत विचारधारा वाली सरकार से भी टकरा जाने में हिचक नहीं करते थे जैसा कि उन्होंने भारत की मोदी सरकार के साथ किया था।
मई 2021 में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के एक ट्वीट को मैनिपुलेट मीडिया बताकर ट्विटर द्वारा हाइड कर दिया गया था। उस ट्वीट में संबित ने कांग्रेस के टूलकिट पर सवाल किया था। संबित पात्रा के उस ट्वीट पर मैनिपुलेटेड मीडिया का लेबल लगाने के लिए जिस 'अल्ट न्यूज' के फैक्ट चेक को आधार बनाया था वह क्या है, यह उसके संचालक मोहम्मद जुबैर की गिरफ्तारी के बाद से साबित हो चुका है। अल्ट न्यूज घोषित तौर पर लेफ्ट लिबरल गैंग का हिस्सा है जो विचारधाराओं के आधार पर सरकारों और व्यक्तियों का समर्थन या विरोध करता है।
ट्विटर जैसा बड़ा सोशल मीडिया प्लेटफार्म भी इन्हीं लेफ्ट लिबरल गिरोह के हाथों में था जो अपने से विरोधी विचारधारा वालों को खतरनाक राइट विंग बताकर विरोध करते हैं। एलन मस्क का पहला प्रहार इसी गिरोह से जुड़े लोगों पर हो रहा है। कुछ गये हैं और कुछ अभी निशाने पर हैं। इसलिए इस गिरोह से जुड़े लोगों ने मीडिया के माध्यम से एलन मस्क के ट्विटर अधिग्रहण के खिलाफ तरह तरह की अफवाहें और गलत सूचनाओं का प्रचार शुरु कर दिया है।
ब्लू टिक नहीं, ब्लू मेम्बरशिप का लिया जाएगा 8 डॉलर
जैसे, इसी गिरोह द्वारा ये गलत सूचना फैलायी जा रही है कि एलन मस्क अब ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए हर महीने 8 डॉलर चार्ज किया जाएगा। यह एक बेबुनियाद अफवाह है। एलन मस्क ने ट्विटर में 44 अरब डॉलर का निवेश किया है। इसमें बैंक का कर्जा और वेंचर कैपिटलिस्टों का पैसा शामिल है। एलन मस्क की पहली जिम्मेवारी होगी कि वो ट्विटर की कमाई बढाकर उसके कर्ज के बोझ को कम करें।
इसके लिए उन्होंने अमेरिका में भारतीय मूल के एक टेक्नो इंवेस्टर श्रीरामकृष्णन की मदद लिया है। जो खबरें हैं उसके मुताबिक वो ब्लू मेम्बरशिप के लिए 8 डॉलर चार्ज करेंगे जिसके बदले में ट्विटर यूजर को विशिष्ट सेवाएं देता है। इसके लिए ट्विटर पहले से ही 5 डॉलर हर महीने चार्ज करता था जिसे बढाकर अब 8 डॉलर किया जाएगा। वैसे भी ट्विटर की यह सर्विस अभी अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंण्ड में ही उपलब्ध हैं। इसलिए इस निर्णय से ट्विटर के ब्लू टिक धारकों को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। टेक्नॉलाजी पोर्टल द वर्ज के मुताबिक ये पैसा ट्विटर की ब्लू मेम्बरशिप के लिए है, ब्लू टिक के लिए नहीं।
इसी बात को मीडिया का लेफ्ट लिबरल गिरोह कुछ इस तरह से प्रचारित कर चुका है मानों मस्क ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए सबसे पैसा लेने जा रहे हैं। जबकि इसके उलट मस्क ने तो ये कहा है कि वो ब्लू टिक का सामंतवाद खत्म करेंगे। जिस तरह से इसे कुछ खास विचारधारावालों को ही इसे बांटा जाता था, वो इसे हर वर्ग के लिए सुलभ करेंगे। लेकिन लेफ्ट लिबरल गिरोह ट्विटर के डेमोक्रेटिक होते चरित्र को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। वो चाहते हैं जैसे विकीपीडिया पर उनका वैचारिक कब्जा है उसी तरह ट्विटर पर भी बना रहे। लेकिन अब ट्विटर बोर्ड में मस्क के आने के बाद शायद यह संभव नहीं होगा।
बहरहाल, संकेतों में संदेश देने वाले एलन मस्क ने स्पष्टीकरण देने की बजाय ट्विटर पर यह कहकर भ्रम बढा दिया है कि "जो शिकायत करनी है, करो लेकिन 8 डॉलर चार्ज किया जाएगा।" इसमें उन्होंने यह स्पष्ट करने की जरूरत नहीं समझी कि ये 8 डॉलर किस बात के लिए है। इससे लेफ्ट लिबरल को अफवाह फैलाने में मदद ही मिल रही है। लेकिन अब मस्क ने ब्लू के लिए 8 डॉलर और उसके बदले में विशेष सुविधाओं का ऑफर देकर स्थिति को स्पष्ट करने का प्रयास किया है।
यह भी पढ़ें: Elon Musk and Twitter: चिड़िया आजाद हुई या एलन मस्क के पिंजरे में फंस गयी?
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं. लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications