Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Family Video Leaks: सोशल मीडिया पर वायरल होता पति पत्नी का रिश्ता

Family Video Leaks: जीवनभर के साथ और विश्वास के भाव को शर्मसार कर देने वाला एक मामला मध्य प्रदेश के खंडवा से सामने आया है। यहाँ पत्नी ने अपने पति पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। इस घटना में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बाद समझौते के तहत साथ रह रहे पति ने पत्नी के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगाकर कुछ अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। उसने ये वीडियो महिला के पिता और भाई को तो भेजे ही, साथ में इंटरनेट पर वायरल भी कर दिये।

इन्हीं दिनों मेरठ में भी एक महिला ने अपने पति पर उसका अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने की शिकायत दर्ज़ करवाई है। राजस्थान के ब्यावर सिटी में भी एक पीड़िता ने थाने में उपस्थित होकर शिकायत दी है कि उसका पति, सास-ससुर और अन्य परिजन दहेज के लिए उसे लगातार परेशान कर रहे थे। दहेज की मांग से प्रताड़ित होकर दर्ज़ करवाया मुकदमा वापस नहीं लेने पर वैवाहिक जीवन के दौरान फिल्माए और सहेज लिए गए अश्लील वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर जिंदगी खराब करने की धमकी दी जा रही है। इन धमकियों से पीड़ित पत्नी अत्यधिक भयभीत हो चुकी है। पीड़ित पत्नी ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति के द्वारा नहाते हुए भी उसके वीडियो बनाकर रखे हुए हैं।

blackmailing by video viral of girls and boys on social media

हालिया समय में ऐसे अनगिनत मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं की अस्मिता के साथ साथ कुछ लोग अपने ही परिवार के साथ खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे। कहीं अपनी बात मनवाने के लिए तो कहीं प्रतिशोध की सनक में ऐसा किया जा रहा है। जबकि एक बार इंटरनेट पर डाली गई सामग्री सदा के लिए मुसीबत बन जाती है। आगे से आगे शेयर किया जाने वाला अश्लील कंटेन्ट महिलाओं का जीना मुश्किल कर देता है। आक्षेप और आरोप बिना गलती के उनके हिस्से आते हैं। सम्मान देने और बचाने का वादा करने वाले सम्बन्धों में उपजी यह भयावह सोच समाज को भयभीत करने वाली है।

दूरदराज़ के गांवों में बसे गलत इरादों वाले परिजनों तक को धोखेबाजी से किसी महिला का वीडियो रिकॉर्ड कर लेना अपनी मांगें पूरी करवाने का आसान मार्ग लगने लगा है। बीते दिनों कुशीनगर में साली से शादी करने की हसरत पूरी नहीं हुई तो जीजा ने उसका अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इस बाबत सवाल करने पर वह इकलौते साले की हत्या करने की धमकी देने से भी नहीं चूका। लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत की है कि उसका दामाद उसकी नाबालिग बेटी पर बुरी नजर रखता था। वह उससे भी शादी करने के लिए आमादा था। लड़की की मां के ना कहने पर नाराज होकर चुपके से लड़की की अश्लील तस्वीर खींची और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

टूटते-बिखरते परिवारों के बढ़ते आंकड़ों के बीच अगर उलझे रिश्तों को सुलझाने के दौर में साथ रहते हुए भी धोखाधड़ी की जाएगी तो फिर संबंध कैसे जुड़ सकेंगे? परिवार कैसे बचेंगे? भरोसे की बुनियाद कैसे बनेगी? खंडवा में हुई घटना में तो पति ने शादीशुदा जीवन में विश्वास मजबूत करने के दौर में ही विश्वासघात किया है। ज्ञात हो कि दोनों विवाह को बचाने के लिए हुए समझौते के तहत कुछ दिन साथ रह रहे थे। वहीं ब्यावर के मामले में देखा जाए तो दहेज की मांग तो पहले ही एक अपराध है। इस अपराध के खिलाफ शिकायत करवाने पर वीडियो वायरल करने की धमकी को तो एक और अपराध करने का दुस्साहस ही कहा जाएगा।

दुर्भाग्यपूर्ण यह भी कि ऐसे अपराधों को अंजाम देने में घर के बड़े-बुजुर्ग भी शामिल हैं। कुछ समय पहले पटना में हुई इसी तरह की घटना में शादी के बाद कुछ ही दिनों में ही पति ने अपनी पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। इस बर्ताव से आहत पत्नी ने पुलिस की शरण ली और बताया कि पति ने दहेज नहीं मिलने की वजह से उसे प्रताड़ित करना शुरू किया और विरोध करने पर ना केवल घर से निकाल दिया बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया।

अपनों के द्वारा अंजाम दिये जाने वाले ऐसे वाकये किसी परिवार के लिए सदमे से कम नहीं होते। हम जिस सामाजिक - पारिवारिक माहौल में रहते हैं, ऐसी तस्वीरों का हर हाथ में मौजूद स्मार्ट फोन की स्क्रीन तक पहुँच जाना जीवन को ही मुश्किल में डाल देता है। कम उम्र की बच्चियाँ तो यूं फिल्माए गए वीडियो से डरकर कड़ी दर कड़ी ब्लैकमेलिंग की भी शिकार बनती हैं। कई परिवारों से वीडियो या तस्वीरों के बदले पैसे मांगे जाते हैं।

लेकिन पति पत्नी से संबंध में अश्लील तस्वीरों को वायरल करना निश्चय ही चिंता का विषय है। समस्या यह भी है कि घर-परिवार में साथ रहने वाला इंसान किसी भी पल ऐसा कंटेन्ट रिकॉर्ड सकता है। अपनों के बीच उठने बैठने वाले किसी परिजन द्वारा चुपके से ऐसी तस्वीर उतार लेना कोई मुश्किल काम नहीं। भरोसे के पुल से जुड़े रिश्तों में अपनों की यह कुत्सित सोच ना केवल तकनीकी विकास से मिली सुविधाओं के गलत इस्तेमाल की सनक को सामने रखती है बल्कि बिखरते इंसानी बर्ताव की भी बानगी है।

तकनीकी तरक्की के साथ हमें जवाबदेह भी होना होगा। प्रौद्योगिकी से मिली सुविधाओं के इस्तेमाल को लेकर सरोकारी सोच होना बेहद आवश्यक है। वरना यही सुविधाएं एक अलग ही तरह की सनक और हथियार बन जाती हैं। हर पल हाथ में स्मार्ट फोन होने का अर्थ यह नहीं है कि उसे हम अपने ही लोगों के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल करें।

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+