Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

BJP Campaign: यूपी में चुनावी अभियान का श्रीगणेश

नयी संसद के उद्घाटन के साथ ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरु कर दी है। मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल का बखान करने के लिए हर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी बिगुल बजने जा रहा है जिसमें सबसे ज्यादा जोर यूपी पर है।

bjp

अगले वर्ष होने वाले आम चुनाव में अब सालभर से कम समय बचा है। इसको लेकर जहां विपक्षी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने मजबूत चुनौती पेश करने के लिये एकजुट होने का मंत्र तलाश रहे हैं लेकिन अब तक विपक्षी एकता कोई सियासी शक्‍ल नहीं ले पाई है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने अपने चुनावी अभियान का श्रीगणेश कर दिया है। केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर भाजपा ने पूरे देश में हर लोकसभा सीट के स्तर पर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। इसके लिए मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का जिम्मा सभी भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों और केन्द्रीय मंत्रियों को सौंपा गया है।

सोमवार को देश भर के भाजपा शासित राज्‍यों में मुख्‍यमंत्री एवं एक केंद्रीय मंत्री ने मीडिया संवाद के जरिये इस अभियान की शुरुआत की। हर राज्‍य में प्रदेश अध्‍यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री मोदी सरकार की नौ साल की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराते नजर आये। इस अभियान के जरिए भाजपा और उसके कार्यकर्ता बूथ स्‍तर तक जाकर जनता के सामने मोदी सरकार के नौ सालों के कामों की रिपोर्ट पेश करेंगे। यूपी में यह शुरुआत केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मीडिया संवाद के जरिए की है।

लखनऊ में हरदीप सिंह पुरी ने बीते नौ सालों में केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक, सामाजिक एवं वैश्विक स्‍तर पर किये गये कामों का प्रेजेंटेशन दिया। उन्‍होंने तमाम आंकड़े प्रस्‍तुत किये हैं जो मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताते हैं। कोरोना काल के दौरान हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास, उज्जवला योजना आदि का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कैसे 2014 तक 14 करोड़ गैस कनेक्शन थे लेकिन 2016 में उज्जवला योजना शुरु होने के बाद आज देशभर में 31 करोड़ 50 लाख गैस कनेक्शन हो गये हैं। इसी तरह मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में देश में एयरपोर्ट की संख्या जितनी थी उससे दोगुनी हो गयी।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भी मोदी सरकार के प्रयासों से यूपी में हुए बदलावों का आंकड़ा पेश किया। योगी ने कहा कि मोदी जी के प्रयासों का सर्वाधिक लाभ यूपी को मिला है। चाहे वह आवास योजना हो, स्वच्छता योजना हो, किसान निधि हो या फिर आयुष्‍मान योजना। मोदी सरकार के प्रयास से उत्‍तर प्रदेश सरकार ने कई मोर्चों पर उल्‍लेखनीय सफलता प्राप्‍त की है।

योगी ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में केंद्र सरकार के सहयोग से एयरपोर्ट, एम्‍स, मेडिकल कॉलेज की एक बड़ी श्रृंखला तैयार हो चुकी है। एक्‍सप्रेस वे और नेशनल हाइवे का जाल बन चुका है। यूपी जैसे लैंड लॉक्‍ड प्रदेश में वॉटर वे की संभावना तलाश कर बनारस से हल्दिया के बीच गंगा के जरिये परिवहन की शुरुआत की गई। उन्‍होंने यह भी कहा कि मोदी जी के नेतृत्‍व में भारत की अंतरराष्‍ट्रीय सीमा सशक्‍त हुई है। आंतरिक सुरक्षा व्‍यवस्‍था पुख्‍ता हुई है। अब कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता है।

दरअसल, विपक्ष की तरफ से एकजुट होने के प्रयास को देखते हुए भाजपा अपनी तैयारियों को पुख्‍ता करना चाहती है। बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार जिस तरीके से विपक्ष को एकजुट करने के अभियान में जुटे हुए हैं, उसने भी नरेंद्र मोदी की चिंता बढ़ाई है। नीतीश कुमार फिलहाल खुद को पीएम पद की दावेदारी से अलग कर सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की हिमायत कर रहे हैं। नीतीश कुमार की कोशिश परवान चढ़ी तो निश्चित रूप से मोदी और भाजपा के समक्ष चुनौती बढ़ेगी।

हालांकि अभी विपक्षी एकता कोई सियासी शक्‍ल नहीं ले पाई है, क्‍योंकि कोई भी क्षेत्रीय क्षत्रप दूसरे का नेतृत्‍व स्‍वीकार करने को तैयार नहीं दिख रहा है, लेकिन मोदी को हराने के नाम पर अपने निजी स्‍वार्थ को दरकिनार कर क्षेत्रीय दल कांग्रेस के बैनर तले लड़ने को तैयार हो गये तो भाजपा की मुश्किलें जरूर बढ़ेंगी। हिमाचल के बाद कर्नाटक में पार्टी की हार के बाद भाजपा पहले ही बैकफुट पर है। लोकसभा चुनाव से पहले उसे राजस्‍थान, मध्‍य प्रदेश, छत्‍तीसगढ़ तथा तेलंगाना के विधानसभा चुनाव में भी उतरना है।

भाजपा राजस्‍थान और मध्‍य प्रदेश में अपने लिए संभावना देख रही है, वहीं छत्‍तीसगढ़ एवं तेलंगाना में उसे कड़ी टक्‍कर मिलने का अंदेशा है। लिहाजा इन राज्‍यों में लोकसभा चुनाव में हो सकने वाले नुकसान की आंशिक भरपायी की तैयारी भाजपा सर्वाधिक लोकसभा सीटों वाले यूपी से करने की रणनीति बना रही है। यूपी में नरेंद्र मोदी के अलावा सीएम योगी आदित्‍यनाथ के रूप में लोकप्रिय चेहरा मौजूद है। योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में निकाय चुनाव में मिली शानदार सफलता से भी भाजपा गदगद है।

इस कड़ी में मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिये भाजपा ने लोकसभा स्‍तर पर एक केंद्रीय मंत्री की रैली करने जा रही है। यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर एक एक केंद्रीय मंत्री की रैली होगी। इसका खाका तैयार किया जा चुका है। इसी तरह विधानसभा स्‍तर पर भी प्रदेश के मंत्रियों का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। भाजपा की कोशिश ज्‍यादा से ज्‍यादा लोगों तक पार्टी एवं सरकार द्वारा जनहित में किये गये कामों की रिपोर्ट पहुंचाना है। यह कार्यक्रम लोकसभा से लेकर बूथ स्‍तर तक आयोजित किया जाना है।

हालांकि 2024 के आम चुनाव के लिए भाजपा अकेले मोदी सरकार की उपलब्धियों के भरोसे ही नहीं बैठी है। गठबंधन की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले अलग होने वाले सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर को अपने पाले में लाने की तैयारी हो चुकी है। सोमवार को विधान परिषद की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में इसकी झलक देखने को मिली। सपा से गठबंधन करके विधायक जिताने वाले ओम प्रकाश राजभर की पार्टी ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्‍याशियों के पक्ष में मतदान किया। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले ओम प्रकाश राजभर को सरकार में शामिल कर गठबंधन का खाका खींच लिया जायेगा।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+