कौन हैं बंगाली एक्ट्रेस Saayoni Ghosh? टीचर भर्ती घोटाले से क्या है कनेक्शन?
Saayoni Ghosh TMC: ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कई नेता इन दिनों केंद्रीय एंजेसियों के रडार पर हैं। अब इसमें एक और नया नाम जुड़ गया है। ये नाम है बंगाली फिल्मों की एक्ट्रेस और तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद की प्रदेश अध्यक्ष सायोनी घोष का।
सायोनी घोष को प्रदेश के शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में ईडी ने समन भेजा है। समन जारी करते हुए ईडी ने उन्हें परसों यानी 30 जून को इस मामले में पूछताछ के लिए कोलकाता के सीजीओ कॉम्पलैक्स बुलाया है। आइए जानते हैं कि कौन हैं सायोनी घोष और क्या है इस मामले से उनका कनेक्शन?

एफआईआर के बाद रखा राजनीति में कदम
बंगाली फिल्मों का जाना-माना नाम सायोनी घोष एक्ट्रेस होने के साथ-साथ सिंगर भी हैं। फिल्म 'नोटोबोर नॉटआउट' से बड़े पर्दे पर अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली सायोनी घोष जनवरी 2021 में पहली बार उस वक्त सुर्खियों में आईं थी, जब तथागत रॉय ने हिंदू समाज की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाकर उनके ऊपर एफआईआर दर्ज कराई।
इसके एक महीने बाद ही सायोनी घोष ने राजनीति की दुनिया में कदम रखा और फरवरी 2021 में टीएमसी में शामिल हो गईं। मार्च 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल साउथ सीट से पार्टी का टिकट देकर मैदान में उतारा, लेकिन भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हार के बावजूद टीएमसी ने सायोनी घोष पर अपना भरोसा बनाए रखा और जून 2021 में उन्हें छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी।
शिक्षक भर्ती घोटाले में कैसे जुड़ा नाम?
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में अब तक जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनसे पूछताछ के दौरान कई बार सायोनी घोष का नाम उभरकर सामने आया। ईडी का दावा है कि उसके पास, इस मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी के साथ डील को लेकर सायोनी घोष के खिलाफ सबूत हैं।'
आपको बता दें कि इसी मामले में ईडी ने जून महीने की शुरुआत में ही टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए समन भेजा था। वहीं, पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी और शिक्षा विभाग से जुड़े कई अन्य बड़े अधिकारियों को ईडी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications