'जब इंदिरा गांधी चांद पर पहुंचीं', राकेश रोशन के बाद फिर कर बैठीं ममता बनर्जी गलती
Bengal CM Mamata Banerjee: चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की जगह राकेश रोशन बोल दिया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर किरकिरी हुई थी। वहीं अब एक बार फिर ममता 'दीदी' की जुबान फिसल गईं है।
अब उन्होंने चंद्रयान-3 का जिक्र करते हुए कहा कि 'इंदिरा गांधी चांद पर गई थीं'। दरअसल, ममता बनर्जी उस घटना का जिक्र कर रही थीं, जब इंदिरा गांधी ने राकेश शर्मा से बात की थी और उनसे पूछा था कि चांद से भारत कैसा दिखाई देता है?

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पार्टी की स्टूडेंट विंग तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) की स्थापना दिवस की सालगिरह के अवसर पर एक रैली को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'जब इंदिरा गांधी चंद्रमा पर पहुंचीं, तो उन्होंने राकेश (शर्मा) से पूछा कि वहां से हिंदुस्तान कैसा दिखता है। उन्होंने जवाब दिया 'सारे जहां से अच्छा'।
अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लेटेस्ट गलती का वीडियो एक्स (ट्विटर) पर जमकर शेयर किया जा रहा है, लोग ममता बनर्जी को जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
जानें ममता बनर्जी ने क्या कहा?
रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'इससे पहले भी इंदिरा गांधी ने चांद पर लोगों को भेजा था। मैं तब बहुत छोटी थी। मुझे याद है कि मैं अखबार पढ़ा करती थी। तब मैंने देखा कि एक स्टोरी निकली थी। इंदिरा गांधी जब चांद पर पहुंची थीं तो उन्होंने राकेश को पूछा था। ऊपर से हिंदुस्तान कैसा लग रहा है। तब राकेश शर्मा ने कहा था, सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा।'
चंद्रयान-3 पर ममता बनर्जी
पिछले हफ्ते इसरो के चंद्रयान -3 मिशन की सफलता पर बधाई देते हुए सीएम ममता बनर्जी ने कहा था कि इंदिरा गांधी ने 'राकेश रोशन' से पूछा कि चंद्रमा से भारत कैसा दिखता है। बता दें कि इंदिरा गांधी और राकेश शर्मा की बातचीत अप्रैल 1984 में हुई थी। अंतरिक्ष में जाने वाले राकेश शर्मा एकमात्र भारतीय नागरिक हैं।












Click it and Unblock the Notifications