भ्रष्टाचार केस में बीजेपी MP अर्जुन सिंह को बंगाल CID ने भेजा नोटिस
कोलकाता, मई 20: नारदा स्टिंग मामले के बाद बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक जंग ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। पश्चिम बंगाल में सीआईडी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक मामले में बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह को नोटिस भेजा है। सीआईडी ने अपनी नोटिस में अर्जुन सिंह को 25 मई को कोलकाता में उनके सामने पेश होने को कहा है। इससे पहले पुलिस ने पिछले साल अर्जुन सिंह के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा स्थित आवास पर छापा मारा था।

पश्चिम बंगाल सीआईडी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक मामले में भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को नोटिस जारी किया है। उन्हें 25 मई को कोलकाता में उसके समक्ष पेश होने आदेश दिए हैं। सीआईडी के आदेश के बाद भाजपा नेता सिंह की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि वो सीआईडी के सामने पेश होने के संबंध में अपने वकील से सलाह लेंगे।
अर्जुन सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार करते रहे हैं। उनका कहना है कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस उनके खिलाफ प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। सिंह तृणमूल कांग्रेस के चार बार विधायक रह चुके हैं। अर्जुन सिंह 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे और बैरकपुर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
पिछले साल छापेमारी के बाद बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि अर्जुन सिंह के आवास पर एक स्थानीय सहकारी बैंक से संबंधित दस्तावेजों की जांच पड़ताल की गई। दरअसल मामला एक स्थानीय सहकारी बैंक से संबंधित एक कथित भ्रष्टाचार का है। सिंह साल 2018 में इस सहकारी बैंक के अध्यक्ष थे। तब पुलिस ने बताया था कि सिंह के खिलाफ ये कार्रवाई अदालत द्वारा एक आदेश जारी करने के बाद हुई। गौरतलब है कि पिछले दिनों सीबीआई ने नारद घोटाले में ममता सरकार के मंत्री और विधायकों समेत चार नेताओं को अरेस्ट किया था। इनकी गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखा विरोध जताया था












Click it and Unblock the Notifications