सुकांत मजूमदार का CAA को लेकर बड़ा बयान, बोले- लोकसभा चुनाव से पहले होगा लागू
नागरिकता संशोधन कानून यानि सीएए एक बार फिर से चर्चा में आ गया है। दरअसल केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने दावा किया है कि अगले सात दिनों के भीतर सीएए को पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह बयान पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बयान दिया है। शांतनु ठाकुर के बाद पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी दावा किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सीएए को लागू कर दिया जाएगा।

सुकांत मजूमदार ने कहा कि सीएए जरूर लागू होगा, आप निश्चिंत रहिए। हमें हमारे गृहमंत्री जी पर पूरा विश्वास है। वो बोलकर गए हैं कि हम सीएए करेंगे। अगर अमित शाह बोलकर गए हैं कि सीएए करेंगे तो वो जरूर करेंगे।
वहीं टीएमसी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यह मसला ममता बनर्जी के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है, आप देश के संविधान को पढ़िए, इस देश का नागरिक कौन होगा यह केंद्र सरकार तय करेगी।
कौन देश का नागरिक है यह केंद्र सरकार तय करती है। इसमे राज्य सरकार का कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है। ममता बनर्जी इसमे कुछ भी नहीं कर सकती हैं। हालांकि सुकांत मजूमदार ने यह नहीं कहा कि सीएए कब लागू होगा। उन्होंने कहा कि यह 20 दिन में लागू होगा या 25 दिन में यह मुझे नहीं पता है, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि यह लोकसभा चुनाव से पहले लागू होगा।
बता दें कि सीएए कानून के तहत तीन पड़ोसी मुस्लिम बाहुल्य देश पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए लोगों को भारत की नागरिकता मिल जाएगी। इन देशों से जो भी 2014 तक किसी प्रताड़ना का शिकार होकर भारत आया है उसे भारत की नागरिकता मिल जाएगी। लेकिन इसमे मुसलमानों को शामिल नहीं किया गया है।
सिर्फ गैर मुस्लिम माइनॉरिटी जिसमे हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी, ईसाई शामिल हैं जिन्हें भारत की नागरिकता दी जाएगी। इस बिल को 10 जनवरी 2020 को पास कर दिया गया है। लेकिन किसी ना किसी वजह से इसे देश में लागू नहीं किया गया।












Click it and Unblock the Notifications