West Bengal: CM के तौर पर ममता बनर्जी की जगह लेंगे भतीजे अभिषेक! TMC प्रवक्ता ने बताया भविष्य का प्लान
Abhishek Banerjee Replace Mamata Banerje: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को लेकर पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने बड़ा दावा किया है। टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष के अनुसार अभिषेक बनर्जी अपनी मुख्यमंत्री बुआ की जगह सीएम का पद संभालेंगे।
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चुचुरा में मीडिया को संबोधित करते हुए कुणाल घोष ने कहा कि ममता बनर्जी 2036 तक सेवा करती रहेंगी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी उनकी जगह लेंगे।

टीएमसी प्रवक्ता ने बताया फ्यूचर प्लान!
टीएमसी प्रवक्ता ने दावा करते हुए कहा कि हम पुष्टि कर रहे हैं कि हम ममता दीदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और अभिषेक बनर्जी सेनापति होंगे। वह 2036 तक सीएम रहेंगी और फिर अभिषेक को कमान सौंपी जाएगी।
इसी के साथ घोष ने टीएमसी की अंदरूनी बातों के बारे में 'अफवाहों' को भी विराम देने का काम किया। वहीं विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कुणाल घोष ने कहा, "पश्चिम बंगाल पर कब्जा करने का दिन में सपने देखना वाले सभी लोग अपनी इच्छा को पूरा करने में कभी कामयाब नहीं होंगे।"
भाजपा पर साधा निशाना
चुचुरा में घोष ने कहा कि दिन के अंत में आप देखेंगे कि टीएमसी एक इकाई है, जो अनियंत्रित तत्वों के खिलाफ लड़ रही है। पार्टी एक अविभाजित इकाई है। हालांकि, बंगाल भाजपा को यह तय करना होगा कि उनकी लड़ाई का नेतृत्व कौन करेगा? क्या यह (विपक्ष के नेता) सुवेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार की भाजपा या दिलीप घोष की भाजपा होगी? लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि टीएमसी एक अविभाजित पार्टी के रूप में युद्ध के मैदान में कदम रखेगी।"
मालूम हो कि घोष का यह बयान पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हलकों में 'राजनेताओं की युवा पीढ़ी बनाम पुराने नेताओं' पर चल रही बहस के बीच आई है। इसकी शुरुआत पिछले महीने नवंबर के अंत में हुई, जब दो बार के सांसद और टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा, "चाहे राजनीति हो या कोई अन्य क्षेत्र, मेरा मानना है कि ऊपरी आयु सीमा होनी चाहिए। एक व्यक्ति जो काम 30 साल की उम्र में करता है, 35 या 50 भी ऐसा कर सकते हैं, 80 वर्ष का व्यक्ति नहीं कर सकता।"












Click it and Unblock the Notifications