Mimi Chakraborty: TMC सांसद मिमी चक्रवर्ती का MP पद से इस्तीफा, ममता बनर्जी को बताई ये वजह
TMC MP Mimi Chakraborty Resigns: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद मिमी चक्रवर्ती ने अपने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सौंप दिया है।
अपने इस्तीफे में उन्होंने अपना पद छोड़ने का कारण भी ममता बनर्जी को बताया है। एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती के मुताबिक वह अपनी लोकसभा सीट पर टीएमसी के स्थानीय नेतृत्व से नाखुश हैं। मालूम हो कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मिमी चक्रवर्ती जादवपुर सीट से जीतकर संसद पहुंची।

इस्तीफा ममता बनर्जी को भेजा
गौर करने वाली बात यह है कि एक्ट्रेस मिमी ने अपना सांसद पद से इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नहीं सौंपा है, बल्कि अभी अपना इस्तीफा ममता बनर्जी को भेजा है। ऐसे में तकनीकी तौर पर इसे सिर्फ टीएमसी सांसद की फैसले की घोषणा कहा जा सकता है। इसे औपचारिक इस्तीफे के रूप में नहीं माना जाएगा।
नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव 2024
बांग्ला फिल्म एक्ट्रेस और जादवपुर लोकसभा सीट से टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती ने अपने पत्र में बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनको बार-बार अपमानित किया गया है। इसी के साथ उन्होंने ममता को लिखे पत्र में इस बार लोकसभा चुनाव 2024 भी नहीं लड़ने की बात कही है।
ममता बनर्जी से की मुलाकात
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को मिमी चक्रवर्ती विधानसभा पहुंचीं और विधानसभा में स्पीकर बिमान बनर्जी के कक्ष में उनकी ममता बनर्जी से मुलाकात हुई। इसी के साथ अपना इस्तीफा ममता बनर्जी को दे दिया, लेकिन ममता बनर्जी ने स्वीकार नहीं किया है। हालांकि अगर ममता बनर्जी एक्ट्रेस का इस्तीफा स्वीकार कर लेंगी, तो इसके बाद वो अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष को देंगी।
जानिए क्या बोलीं मिमी चक्रवर्ती?
तृणमूल सांसद मिमी चक्रवर्ती ने अपने सांसद पद से इस्तीफा देना को लेकर कहा, "राजनीति मेरे लिए नहीं है, यहां(राजनीति) पर अगर आप किसी की मदद कर रहे हैं तो आपको उसका प्रचार करना होता है। राजनीत के साथ-साथ मैं एक अभिनेता के रूप में भी कार्य करती हूं, मेरा दायित्व दोनों तरफ एक समान बनता है, अगर कोई राजनीति में आता है तो आप काम करें या न करें आपको भला-बुरा कहा जाता है।"
उन्होंने आगे कहा कि मुझे जो परेशानी है उसे लेकर मैंने ममता बनर्जी से बात की है। जिस पार्टी ने मुझे आगे आने का मौका दिया मैं अपने इस्तीफे की जानकारी उन्हें पहले देना चाहती हूं। 2022 में भी मैंने एक बार अपने सांसद पद से इस्तीफे को लेकर दीदी से बात की थी, तब उन्होंने इसे नामंज़ूर कर दिया था। दीदी जो कहेंगी उसके बाद मैं आगे की प्रक्रिया को पूरा करूंगी।












Click it and Unblock the Notifications