कोलकाता नगर निगम चुनाव में TMC की प्रचंड जीत, ममता बोलीं- अब दिल्ली की राजनीति होगी
कोलकाता, दिसंबर 21। पश्चिम बंगाल में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के बाद ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता नगर निगम चुनाव में भी प्रचंड जीत हासिल की है। नगर निगम में भी ये लगातार तीसरा चांस होगा, जब टीएमसी वहां भी सत्ता में वापसी करेगी। ऑफिशियल आंकड़ों के अनुसार, टीएमसी ने 144 वॉर्ड में से 134 पर जीत दर्ज की है। वोटों की गिनती मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई थी।

बीजेपी को सिर्फ 3 सीटें मिली
आपको बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी पार्टी बनकर उभरी भाजपा को कोलकाता नगर निगम चुनाव में सिर्फ 3 सीटें हासिल हुई हैं। जबकि वाम मोर्चा और कांग्रेस को 2-2 सीटें मिली हैं। निर्दलीय तीन सीटों के साथ गैर-टीएमसी पार्टियों के साथ बराबरी पर आ गए हैं।
जीत को लेकर ममता बनर्जी ने क्या कहा?
इस प्रचंड जीत को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की जनता का आभार जताया है। ममता बनर्जी ने इस जीत को लेकर कहा है, "मैं इस जीत को राज्य की जनता और 'मां, माटी, मानुष' (मां, जमीन और लोग- टीएमसी का नारा) को समर्पित करना चाहती हूं। टीएमसी के साथ-साथ भाजपा, कांग्रेस और माकपा जैसे कई राष्ट्रीय दलों ने इस चुनाव को लड़ा था, लेकिन वो सभी हार गए हैं। यह जीत आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजनीति में रास्ता दिखाएगी।"
पिछली साल कोरोना के कारण नहीं हुए थे केएमसी चुनाव
आपको बता दें कि कोलकाता नगर निगम के चुनाव पिछली बार साल 2015 में हुए थे। पूरे 6 साल के बाद 2021 में ये चुनाव हुए हैं। दरअसल, पिछले साल केएमसी के चुनाव कोरोना के कारण स्थगित कर दिए गए थे। 2015 के चुनाव में टीएमसी ने 124 वार्ड, लेफ्ट ने 13, बीजेपी ने 5 और कांग्रेस ने 2 जीते थे। पिछले नतीजों के हिसाब से जहां टीएमसी को फायदा हुआ है तो वहीं भाजपा को नुकसान हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications