टीएमसी नेता शाहजहां शेख की मुश्किलें बढ़ी, ED ने दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस, करीबियों के घर रेड
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शाहजहां शेख की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। फरार चल रहे टीएमसी नेता के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
कथित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) घोटाला मामले में शेख शाहजहां के खिलाफ चल रही जांच में ईडी राज्य में लगभग 6 स्थानों पर छापेमारी कर रही है। सेंट्रल हावड़ा में पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता के परिसर पर ईडी की रेड जारी है। सेनगुप्ता कथित तौर पर फरार टीएमसी नेता शेख शाहजहां का करीबी सहयोगी हैं।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने जमीन हड़पने के आरोपों के संबंध में टीएमसी नेता के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामले में एक नई प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की गई है, जो एक एफआईआर के बराबर है।
उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में बड़ी संख्या में महिलाएं टीएमसी के कद्दावर नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं ने शेख के कुछ करीबियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिलाओं का कहना है कि शेख और उसके करीबियों ने उनलोगों के साथ यौन उत्पीड़न किया और उनकी जमीनें भी हड़प ली। शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर संदेशखाली में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहा है।
ईडी की टीम 5 जनवरी को राशन घोटाले के सिलसिले में शाहजहां शेख के परिसर की तलाशी लेने पहुंची थी। शाहजहां शेख के लोगों ने कथित तौर पर प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के ऊपर हमला किया था। जिसके बाद से वो फरार हैं।












Click it and Unblock the Notifications