मुकुल रॉय की फिसली जुबान, बोले-उपचुनाव में होगी बीजेपी की जीत, भाजपा ने ली चुटकी
कोलकाता, अगस्त 07: विधानसभा चुनाव में कृष्णानगर नॉर्थ सीट से बीजेपी की टिकट पर विधायक बने मुकुल रॉय ने शनिवार को यह कहकर सभी को चौंका दिया कि आने वाले उपचुनाव में बीजेपी की जीत होगी। अपनी गलती का एहसास होते ही मुकुल रॉय ने अपने बयान को ठीक कर लिया, लेकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। अब बीजेपी मुकुल रॉय के इस बयान पर चुटकी ले रही है। बता दें कि मुकुल रॉय हाल ही में बीजेपी छोड़कर टीएमसी में वापस लौटे हैं।

तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से बात करते हुए मुकुल रॉय ने कहा, विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी पक्का जीत हासिल करेगी। इसमें तनिक भी संदेह नहीं है। मुकुल रॉय के इस बयान से वहां मौजूद हर कोई अचंभित हो गया। इसके बाद मुकुल रॉय को अपनी गलती का एहसास हो गया और उन्होंने कहा, तृणमूल कांग्रेस निस्संदेह उपचुनाव जीतेगी। बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, मां माटी मानुष की पार्टी (टीएमसी) ही यहां विजेता रहेगी और त्रिपुरा में भी अपना खाता खोलेगी।
उन्होंने कहा, बीजेपी राज्य में कहीं नहीं होगी। उनका सफाया हो जाएगा। ममता बनर्जी बंगाल की कमान संभालती रहेंगी। टीएमसी से निकाले जाने के बाद मुकुल रॉय 2018 में बीजेपी में शामिल हो गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में बीजेपी के शानदार प्रदर्शन में उनकी अहम भूमिका रही। लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद शुभेंदु अधिकारी को अधिक महत्व मिलने से नाराज मुकुल रॉय अपनी पुरानी पार्टी में लौट आए।
उनकी टिप्पणी का भाजपा ने उत्साह के साथ स्वागत किया, भाजपा ने कहा गया कि उन्होंने अनजाने में सच बोल दिया। बीजेपी प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा, मुकुल दा ने कृष्णानगर नॉर्थ में अपने मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है लेकिन उन्होंने सच बोला है। सच्चाई शायद उनके मुंह से आई है क्योंकि वह जबरदस्त मानसिक तनाव में हैं। रॉय को विधायक के रूप में अयोग्य ठहराने के लिए दबाव बनाना जारी रखेंगे। आपको बता दें कि, अभी मुकुल रॉय बीजेपी के टिकट पर जीते हुए ही विधायक है।












Click it and Unblock the Notifications