'TMC को भतीजे और कांग्रेस को राजपरिवार के बेटे-बेटियों की सिर्फ चिंता', जानें संदेशखाली पर क्या बोले PM मोदी?
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। यहां उन्होंने टीएमसी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि टीएमसी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने उत्तर बंगाल के लोगों के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने इस जगह को विकास से वंचित कर दिया है।
पीएम ने आगे यह भी कहा कि सालों के इंतजार के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटा दी गई है। ऐसे कई मुद्दे थे जिनके समाधान की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। लेकिन, मोदी ने कर दिखाया है। ऐसे हर मुद्दे को सुलझा लिया।

TMC को भतीजों और कांग्रेस को राजपरिवार के बेटे-बेटियों की चिंता
मोदी हर गरीब के लिए अधिक से अधिक अवसर पैदा कर रहे हैं। लेकिन, यह उन परिवार के सदस्यों को बिल्कुल पसंद नहीं है, जो केवल सत्ता के लिए राजनीति में आए हैं। इसलिए वे उन्हें बनाए रखने के लिए साजिश रचते हैं। सत्ता के शीर्ष पर परिवार है। टीएमसी और कांग्रेस का ये गठबंधन भी यही करता है। टीएमसी के लोगों को अपने भतीजों की चिंता है और कांग्रेस के लोगों को अपने राजपरिवार के बेटे-बेटियों को आगे बढ़ाना है।
'टीएमसी सरकार तोलाबाज लूट रहे'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि टीएमसी सरकार आपको हर कदम पर लूट रही है। मोदी मनरेगा की मजदूरी का पैसा दिल्ली से भेजते हैं। लेकिन, यहां की टीएमसी सरकार ने आपको हर कदम पर लूटा है। फायदा पहुंचाने के लिए टीएमसी के 'तोलाबाज', 25 लाख फर्जी जॉब कार्ड बनाकर लोगों को दिए गए। अगर मोदी गरीबों के घर पैसे भेजते हैं, तो टीएमसी सरकार आपका पैसा 'तोलाबाज' द्वारा चुने गए लोगों को देती है।
'संदेशखाली को लेकर पूरा देश चिंतित'
सिलीगुड़ी में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी सरकार 'तोलाबाज' द्वारा चुने गए लोगों को पैसा देती है। जब आप संघर्ष कर रहे होते हैं या पीड़ित होते हैं तो टीएमसी को दर्द नहीं होता है। पूरे देश में चर्चा हो रही है कि टीएमसी नेताओं ने संदेशखाली में क्या किया। महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और गरीबों की मेहनत की कमाई को लूटना टीएमसी के 'तोलाबाज' यही करते हैं। पहले वामपंथियों ने आपकी बात नहीं सुनी और फिर टीएमसी ने भी आपको नजरअंदाज किया। वे गरीबों की जमीन लूटने में लगे थे। इसलिए, जब आप मुझे अवसर दिया, मैंने वो सारी सुविधाएं आप सभी को लौटा दीं।
सिलीगुड़ी-राधिकापुर ट्रेन को हरी झंडी
पीएम मोदी ने सिलीगुड़ी-राधिकापुर ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई और कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि जिस तरह से पूरे देश में ट्रेनों की स्पीड बढ़ाई जा रही है, उसी तरह उत्तर बंगाल में भी बढ़ाई जाए। पीएम ने यह भी कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक पूर्वी भारत के विकास को नजरअंदाज किया गया। जबकि हमारी सरकार पूर्वी भारत को देश के विकास का ग्रोथ इंजन मानती है। इसलिए इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है। 2014 से पहले, बंगाल का औसत रेलवे बजट लगभग 4,000 करोड़ रुपये था जो अब लगभग 14,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जिन 500 स्टेशनों का नवीनीकरण किया जा रहा है, उनमें सिलीगुड़ी भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications