'शिक्षक भर्ती, कोल, राशन और फिर चिटफंड घोटाला...', बंगाल में पीएम मोदी ने सीएम ममता को गिनाई घोटालों की सूची
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार को घोटालों की सरकार बताया। हावड़ा में बीजेपी की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मंच से पीएम ने टीएमसी को बंगाल में हिंसा और घोटालों को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार बताया। पीएम ने पूर्व में राज्य में उन कथित घोटालों का भी जिक्र किया, जिनकी फिलहाल जांच चल रही है। प्रधानमंत्री ने मंच से शिक्षक भर्ती, कोल, राशन के अलावा बंगाल में हुए चिटफंड घोटाले का भी जिक्र किया है। इसके साथ ही उन्होंने मंच से ममता सरकार को किसान विरोधी भी बताया।
लोकसभा चुनाव के तहत चौथे चरण का मतदान कल होगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ईसीआई के डेटा की बात करें तो कुल 96 लोकसभा सीटों पर मतदान होने हैं। ऐसे में इन सीटों पर चुनाव प्रचार एक दिन पहले यानी 11 मई को शाम ही थम गया था। जिसके बाद अब राजनीतिक दलों ने पांचवें चरण के मतदान के लिए चुनावी अभियान तेज कर दिया है।

रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल पहुंचे। यहां उन्होंने हावड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच से पीएम ने टीएमसी नेतृत्व वाली ममता सरकार के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिस तरह से टीएमसी बंगाल को लूट रही है, वह बहुत बड़ा पाप है। शिक्षक भर्ती घोटाला, कोयला घोटाला, चिटफंड घोटाला, राशन घोटाला...कितनी लंबी सूची है टीएमसी ने हमारे किसानों को भी नहीं बख्शा। टीएमसी ने मंडियों में धान किसानों को लूटा।"
पश्चिम बंगाल के विकास के बारे में बोलते हुए पीएम ने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा, "कांग्रेस का भ्रष्टाचार, कांग्रेस का भाई-भतीजावाद और कांग्रेस का तुष्टिकरण और दूसरा लेफ्ट, लेफ्ट का अत्याचार और अराजकता, इन सारी बुराइयों को एक साथ जोड़ दें तो टीएमसी बनती है। हमारा हावड़ा है, मैं देख रहा हूं कि कैसे कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है।"












Click it and Unblock the Notifications