'जय...जय... श्री राम...,' बंगाल में राम नवमी शोभायात्रा में तलवारें लहराते दिखे लोग, साथ में भारी पुलिस फोर्स
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में बुधवार शाम रामनवमी की रैली में स्वामी विवेकानंद सेवा संघ के युवकों को तलवारें और हॉकी स्टिक लहराते हुए देखा गया। हालांकि, कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए मौके पर पुलिस भी मौजूद रही।

West Bengal: पश्चिम बंगाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां राम नवमी की रैली में स्वामी विवेकानंद सेवा संघ के युवकों को तलवारें और हॉकी स्टिक लहराते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो हावड़ा जिले का बताया जा रहा है। बुधवार शाम को एक रैली हावड़ा के सांकराइल जिले में निकाली गई थी, जहां राम नवमी के जुलूस के दौरान कई युवक हथियारों से लैस नजर आए।
मौके पर भारी पुलिस बल किया गया तैनात
हालांकि, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। यह जुलूस राजगंज रथ ताल मेला मैदान से सड़क मार्ग से मानिकपुर बेलतला तक करीब दो किलोमीटर तक निकाला गया। हिंदू संगठनों ने रामनवमी उत्सव मनाने के लिए राज्य भर में 500 से अधिक स्थानों पर जुलूस निकालने की योजना बनाई थी, जहां विश्व हिंदू परिषद पूरे उत्साह के साथ रामनवमी मनाने की तैयारी कर रही है, वहीं हिंदू जागरण मंच द्वारा पूरे पश्चिम बंगाल में 600 स्थानों पर त्योहार मनाया जाएगा।
बंगाल के अलग-अलग इलाकों में निकाली गईं शोभा यात्रा
दरअसल, आज राम नवमी के मौके पर देश के अलग-अलग राज्यों में भगवान राम की शोभा यात्रा और जुलूस निकाले जा रहे हैं। इस मौके पर पश्चिम बंगाल में पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा में कई इलाकों में शोभायात्रा निकाली गईं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ युवक शोभायात्रा के दौरान हाथों में तलावरें और हॉकी स्टिक लहराते लहराते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो बंगाल के ही हावड़ा इलाके का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो को देखने पर स्पष्ट हो जाता है कि कुछ युवक तलवारें लहराते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर नजर आ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications