Bengal Panchayat Elections: वोटिंग के बीच 6 लोगों की हत्या, मतदान केंद्र में तोड़फोड़
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए आज वोटिंग जारी है। इसके लिए काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, लेकिन हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही। ताजा अपडेट्स के मुताबिक बंगाल में अलग-अलग जगहों पर 6 लोगों की राजनीतिक हत्या हुई है।
मृतकों में 5 लोग टीएमसी के कार्यकर्ता बताए जा रहे, जबकि एक के बीजेपी नेता होने की बात कही गई। वहीं कई जगहों पर टीएमसी और बीजेपी के बीच झड़प की बात सामने आ रही है।

सीताई में भी वोटिंग के दौरान जमकर बवाल हुआ। वहां पर कुछ लोगों ने मतदान केंद्र में तोड़फोड़ की। साथ ही वहां रखे मतपत्रों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी फोर्स को तैनात किया गया है।
बूथ एजेंट की हत्या पर बवाल
उत्तर 24 परगना जिले में भी हिंसा का सिलसिला जारी है। वहां के पीरगाछा इलाके में एक निर्दलीय उम्मीदवार के बूथ एजेंट अब्दुल्ला की हत्या कर दी गई। जिसके बाद ग्रामीण सड़कों पर उतर गए और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि हत्या के पीछे टीएमसी उम्मीदवार मुन्ना बीबी के पति का हाथ है। पुलिस मामले की जांच कर रही।
टीएमसी ने लगाया ये आरोप
वोटिंग के बीच टीएमसी ने ट्वीट कर लिखा कि रेजीनगर, तूफानगंज और खारग्राम में हमारे तीन पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई, जबकि दो डोमकोल में गोली लगने से घायल हैं। पश्चिम बंगाल बीजेपी, पश्चिम बंगाल सीपीआई (एम) और पश्चिम बंगाल कांग्रेस इसके लिए जिम्मेदार है।
वहीं दूसरी ओर टीएमसी के मुताबिक मुर्शिदाबाद के समसेरगंज में उनके पार्टी के कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। घायल को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। बंगाल पुलिस मामले की जांच कर रही, लेकिन अभी तक हमलावरों का कुछ पता नहीं चल पाया है। इन हमलों के लिए टीएमसी बीजेपी और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती को जिम्मेदार बता रही।












Click it and Unblock the Notifications