'ममता बनर्जी की पुलिस ने मुझे थाने में बैठाकर पीटा', राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के प्रमुख का आरोप
NCPCR Chief Priyank Kanungo ने बंगाल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि थाने में उनकी पिटाई हुई।

बंगाल की हिंसा को लेकर विपक्षी दल ममता बनर्जी पर हमलावर थे। इस बीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने बंगाल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि वो एक नाबालिग लड़की की हत्या की जांच के लिए कोलकाता गए हुए थे, वहां तिलजला पुलिस स्टेशन में उनके साथ पुलिस अधिकारियों ने बदसलूकी की। साथ ही उनके साथ मारपीट हुई है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए प्रियांक कानूनगो ने कहा कि शुक्रवार को वो POCSO और हत्या के मामले की जांच के दौरान तिलजला पुलिस स्टेशन गए थे। जिन पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच की गई थी वे इसे रिकॉर्ड कर रहे थे। इसका विरोध करने पर थाना प्रभारी ने मेरे साथ मारपीट की। हम अपने बच्चों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।
इसके अलावा ट्वीट करके भी कानूनगो ने इस मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि बंगाल के पुलिस अधिकारी बिस्वाक मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल के तिलजला पुलिस स्टेशन में मेरी पिटाई की। पुलिसकर्मी गुपचुप तरीके से हमारी जांच की कार्यवाही रिकॉर्ड कर रहे थे। उन्होंने इसका विरोध करने पर मुझे पीटा।
नाबालिग से मिलने मालदा पहुंचे
वहीं दूसरी ओर शनिवार को कानूनगो मालदा पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं स्कूल के अंदर रेप का शिकार हुई छात्रा को न्याय दिलाऊंगा। ममता बनर्जी की पुलिस ने मुझ पर हमला किया लेकिन मैं गुंडागर्दी और धमकियों से डरना बंद नहीं करूंगा।
राज्य बाल आयोग ने लगाया ये आरोप
वहीं बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग की प्रमुख ने दावा किया कि कानूनगो ने उनका और उनके सहयोगियों का अपमान किया। वो इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की सोच रही हैं। उन्होंने कहा कि एनसीपीसीआर की टीम हमें बिना बताए वहां चली गई। जब मैं मौके पर पहुंची तो उन्होंने (कानूनगो) बेहद अपमानजनक लहजे में बोलना शुरू कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications