Mukul Roy भाजपा में हैं या टीएमसी में? ममता बनर्जी ने तोड़ी चुप्पी, बताया सच
Mukul Roy missing: ममता बनर्जी ने कहा है कि मुकुल रॉय का मुद्दा बहुत छोटा है और इसने उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, अगर वो दिल्ली जाना चाहते हैं तो आराम से जा सकते हैं।

पश्चिम बंगाल के दिग्गज नेता और विधायक मुकुल रॉय को लेकर इन दिनों राज्य की सियासत गरमाई हुई है। मुकुल रॉय को लेकर हलचल उस वक्त शुरू हुई, जब उनके बेटे ने कहा कि उनके पिता लापता हैं।
मामले में मुकुल रॉय के बेटे ने पहले गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद कहा कि उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं है और भाजपा उनके नाम पर गंदी राजनीति कर रही है।
हालांकि एक दिन बाद ही मुकुल रॉय मीडिया के सामने आए और कहा कि वो हमेशा से भाजपा के साथ थे और अगर पार्टी मुझे कोई जिम्मेदारी देगी तो मैं उसे निभाऊंगा। इसके बाद अब इस पूरे प्रकरण पर पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने चुप्पी तोड़ी है।
ममता बनर्जी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मुकुल रॉय भाजपा के विधायक थे और ये उन्हें तय करना है कि वो दिल्ली जाना चाहते हैं या नहीं। कोई दिल्ली जाना चाहता है या नहीं, यह पूरी तरह से उसका अपना विशेषाधिकार है।'
बहुत छोटा मुद्दा है, हमें फर्क नहीं पड़ता: ममता
पश्चिम बंगाल की सीएम ने आगे कहा, 'लेकिन, मैंने ये भी सुना कि उनके बेटे ने आरोप लगाए हैं कि उनके पिता को किडनैप किया गया है। इस मामले में उन्होंने एफआईआर भी दर्ज कराई। भाजपा किस तरह का व्यवहार कर रही है, मुझे लगता है कि ये बात आप लोग भी जानते हैं। मैं जानती हूं कि मुकुल रॉय भाजपा के ही विधायक हैं। हो सकता है कि उन्हें डराया-धमकाया गया हो। बहुत छोटा मुद्दा है ये, हमें इससे फर्क नहीं पड़ता।'
दिल्ली के लिए सोमवार को निकले थे मुकुल रॉय
आपको बता दें कि मुकुल रॉय पश्चिम बंगाल की कृष्णा नगर उत्तर सीट से विधायक हैं। सोमवार रात को वो कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, जिसके बाद उनके बेटे ने कहा कि वो लापता हैं। बाद में मुकुल रॉय के बेटे ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता की मानसिक हालत ठीक नहीं है और भाजपा इसका फायदा उठाकर राजनीति कर रही है।
मैं तो टीएमसी का सदस्य ही नहीं: मुकुल रॉय
वहीं, मीडिया के सामने आए मुकुल राय ने कहा, 'मैं भाजपा का ही विधायक हूं और पार्टी में फिर से वापसी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलना चाहता हूं। पार्टी अगर मुझे कोई जिम्मेदारी देगी, तो मैं उसे निभाऊंगा। जहां तक बात टीएमसी की है, तो उस पार्टी से पहले ही इस्तीफा दे चुका हूं। जब मैं टीएमसी का सदस्य ही नहीं हूं तो फिर इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता है।'












Click it and Unblock the Notifications