Elephant Attack: बंगाल के मिदनापुर में हाथी का तांडव, युवक को पटक-पटककर मार डाला
Elephant Attack in West bengal पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले में हाथियों के तांडव की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। इस बार एक हाथी ने 52 साल के एक युवक की जान ले ली है। मामला वेस्ट मिदनापुर जिले के रूपनारायण संभाग के गोवाल्टोर थाना अंतर्गत दूधपथरी गांव का है। यहां एक हाथी ने स्थानीय व्यक्ति को कुचल-कुचलकर मार डाला। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

हाथी ने सूंड में लपेटकर जमीन पर पटका
जानकारी के मुताबिक, हाथी का शिकार होने वाले शख्स की पहचान माधव मोल्ला के रूप में हुई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ के शोरशराबे के बीच हाथी ने युवक को अपनी सूंड में लपेट कर जमीन पर पटका है। इसी हमले में उस युवक की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है।
खाने की तलाश में गांव में घुसा था हाथी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रामलाल नाम का एक हाथी अपने झुंड से अलग होकर गांव में घुस आया था। बताया जा रहा है कि वो खाने की तलाश में इधर-उधर तोड़फोड़ कर रहा था। हाथी को रिहायशी इलाके में देख अफरा-तफरी मच गई और इसी दौरान रामलाल ने माधव मोल्ला को अपना शिकार बना लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने माधव को किया मृत घोषित
चश्मदीदों ने बताया है कि गांव में हाथी को देखने के बाद लोगों ने उसका पीछा किया और इसी दौरान हाथी ने माधव को शिकार बना लिया। हाथी के हमले में बुरी तरह से घायल हुए माधव को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है तो वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने इस घटना को लेकर अभी कुछ भी बोलने से इनकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications