LokSabha Elections 2024: नीतीश कुमार की वन-ऑन-वन स्कीम से प्रभावित ममता, महागठबंधन को तैयार!
2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नीतीश कुमार की स्कीम भा गई है। जिसके चलते उन्होंने गैर-कांग्रेसी तीसरा मोर्चा बनाने का इरादा छोड़ दिया है।

2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अभी से जमीनी सतह मजबूत करने में लगे हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अपनी प्लानिंग में बदलाव किया है। नीतीश कुमार की वन-ऑन-वन योजना से प्रभावित होकर ममता ने गैर-कांग्रेसी तीसरा मोर्चा बनाने का इरादा छोड़ दिया है। साथ ही बनर्जी ने एकजुट विपक्षी मोर्चा बनाने के बारे में सकारात्मक दिखाई।
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रमुख नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी के प्लान में बदलाव हुआ है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जेडीयू नेता केसी त्यागी ने दावा किया है कि नीतीश कुमार के फॉर्मूले से ममता काफी प्रभावित हैं और कांग्रेस के साथ आने के लिए तैयार हैं।
क्या है वन-ऑन-वन योजना ?
2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर नीतीश कुमार की वन-ऑन-वन योजना का मतलब है 'एक सीट पर एक उम्मीदवार'। दरअसल, नीतीश कुमार ने यह प्रस्ताव रखा है कि विपक्ष को एक साथ होकर एक सीट पर एक ही उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारना चाहिए। यह फॉर्मूला ममता बनर्जी को पसंद आया। तभी उन्होंने भारत राष्ट्र समिति (BRS) प्रमुख के चंद्रशेखर राव और आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल संग मिलकर गैर कांग्रेस मोर्चा बनाने का इरादा छोड़ दिया।
क्या कहा था ममता ने ?
कांग्रेस द्वारा कर्नाटक में बीजेपी के खिलाफ निर्णायक जीत हासिल करने के कुछ दिनों बाद, ममता बनर्जी ने घोषणा की थी कि वह 2024 के चुनावों में अकेले जाने की अपनी योजना को छोड़ रही हैं। बनर्जी ने कहा था कि जिसकी जो भी जगह अपने क्षेत्र में मजबूत है, उन्हें एक साथ लड़ना चाहिए। बंगाल को ही ले लीजिए। बंगाल में हमें (तृणमूल) लड़ना चाहिए। दिल्ली में आप को लड़ना चाहिए। बिहार में नीतीश जी, तेजस्वी यादव और कांग्रेस एक साथ हैं। वे फैसला करेंगे। मैं उनके फार्मूले पर फैसला नहीं कर सकता।












Click it and Unblock the Notifications