भारी पड़ा भाजपा उम्मीदवार की तारीफ करना, TMC महासचिव पद से हटाए गए कुणाल घोष
टीएमसी ने पार्टी के बड़े नेता कुणाल घोष को प्रदेश के महासचिव के पद से हटा दिया है। दरअसल जिस तरह से कुणाल घोष ने पार्टी लाइन से अलग जाकर बयान दिया था, उसको लेकर उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
टीएमसी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने बताया कि कुणाल घोष इस तरह की राय सामने रख रहे हैं जो पार्टी से मेल नहीं खाती है। यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यह उनकी निजी राय है, इसे पार्टी के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। टीएमसी के मुख्यालय से जो बयान जारी किया जाए, उसे ही पार्टी का आधिकारिक बयान समझा जाए।

इससे पहले कुणाल घोष को पार्टी के प्रवक्ता पद से हटा दिया गया था। अब उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्टी ने प्रदेश संगठन के महासचिव के पद से हटा दिया है। दरअसल कुणाल घोष ने भाजपा उम्मीदवार तपस राय के साथ मंच साझा किया था और उनकी तारीफ भी की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
कुणाल घोष ने कहा था कि तपस राय एक सच्चे जन नेता हैं। उनके दरवाजे पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए और आम लोगों के लिए हमेशा खुले हैं। मैं उन्हें कई दशक से जानता हूं। दुर्भाग्य से हमारे रास्ते अलग हो गए, हमारी तमाम कोशिशों के बाद भी हम उन्हें अपने साथ नहीं ला सके।
मुझे उम्मीद है कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी होंगे, इसमे किसी भी तरह के गलत तरीकों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। लोगों को स्वतंत्र होकर वोट करने का अधिकार होना चाहिए। पार्टी के प्रवक्ता पद से हटाए जाने के बाद भी कुणाल घोष लगातार पार्टी मुख्यालय से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। बता दें कि बंगाल में सातवे चरण में 1 जून को मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications