Kolkata case: जूनियर डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर फिर से शुरू की हड़ताल, पूरी तरह से काम किया बंद
Kolkata doctor rape-murder case: कोलकाता के जूनियर डॉक्टरों ने आज ( 1 अक्टूबर,मंगलवार) को अपना अनिश्चितकालीन "पूर्ण काम बंद" फिर से शुरू करने का फैसला किया है। अस्पलातों में अपनी सुरक्षा की मांग राज्य सरकार से करते हुए जूनियर डॉक्टरों ने पूरी तरह से काम बंद कर हड़ताल शुरू की है। जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से अस्पतालों में मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है।
बता दें 9 अगस्त 2024 को कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ऑन-ड्यूटी महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और मर्डर के मामले के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू की थी। 42 दिनों के प्रदर्शन के बाद, पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सुरक्षा का आश्वासन दिए जाने के बाद जूनियर डॉक्टरों ने 21 सितंबर को आंशिक रूप से अपनी ड्यूटी फिर से शुरू कर दी थी लेकिन आज फिर से जूनियर डॉक्टर पूरी तरह से काम बंद कर हड़ताल पर जा चुके हैं।

पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट ने कहा "हम आज से काम बंद करने के लिए मजबूर हैं। जब तक अस्पतालों में हमारी सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक हमारे पास अपनी हड़ताल जारी रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।"
जूनियर डॉक्टरों ने अस्तालों में पूरी तरह से काम बंद करके हड़ताल पर जाने का फैसला पश्चिम बंगाल की ममता सरकार की ओर से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए "सकारात्मक दृष्टिकोण" ना अपनाने के कारण लिया है हालांकि डॉक्टरों और सरकार के बीच बातचीत जारी है।
हड़ताल में हिस्सा ले रहे डॉक्टर अनिकेत महतो ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि विरोध के 52 दिनों के बाद भी, वे अभी भी हमलों के अधीन हैं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ चर्चा के दौरान किए गए वादों पर कोई प्रगति नहीं हुई है।
महतो ने कहा आज (विरोध का) 52वां दिन है और हम पर अभी भी हमला किया जा रहा है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बैठकों के दौरान किए गए अन्य वादों को पूरा करने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। मौजूदा स्थिति में, हमारे पास आज से पूर्ण काम बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।"












Click it and Unblock the Notifications