कोलकाता डॉक्टर मर्डर केस, ब्लूटूथ हेडफोन से पकड़ा गया आरोपी, देशभर में आज डॉक्टरों की हड़ताल
कोलकाता के सरकारी अस्पताल आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में जिस तरह से ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ पहले यौन शोषण किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई, उससे स्थानीय डॉक्टरों में आक्रोश है।
इस घटना के बाद देशभर में सभी सरकारी अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टर असोसिएश ने हड़ताल का आह्वान किया है और डॉक्टरों से इसमे शामिल होने को कहा है। इस हड़ताल के चलते ओपीडी,इलेक्टिव सर्जरी, लैब बंद रहेंगे।

आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में आरोपी की पहचान संजय रॉय के तौर पर हुई है, जोकि बाहरी व्यक्ति है, लेकिन उसे अस्पताल के भीतर कई विभागों में जाने की अनुमति थी। आरोपी पुलिस वेलफेयर बोर्ड में सिविल वॉलंटियर था।
सूत्रों के अनुसार संदिग्ध गतिविधियों के बाद संजय रॉय को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों की मानें तो अस्पताल में संजय का महिलाओं के साथ बर्ताव अच्छा नहीं था। वह पहले भी संदेह के घेरे में आ चुका है।
ब्लूटूथ हेडफोन से मिला सुराग
रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में संजय की गिरफ्तार में आरोपी के हेडफोन ने अहम भूमिका निभाई है। सीसीटीवी फुटेड में देखा जा सकता है कि संजय जब अस्पताल में पहुंचा तो उसने ब्लूटूथ हेडफोन पहन रखा था, लेकिन जब वह अस्पताल से बाहर जाता है तो वह हेडफोन नहीं था।
पुलिस ने ब्लूटूथ हेडफोन का टूटा हुआ हिस्सा बरामद किया और इससे पुलिस को संदिग्ध के तार जोड़ने में मदद मिली। दूसरे ट्रेनी डॉक्टर और महिला डॉक्टरों ने भी सीसीटीवी फुटेज में संजय रॉय की पहचान की है।
महिला डॉक्टर का अर्धनग्न शव मिला था
चेस्ट मेडिसिन विभाग में द्वितीय वर्ष की छात्रा महिला पीजीटी डॉक्टर का अर्धनग्न शव शुक्रवार को अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला। वह गुरुवार रात को ड्यूटी पर थी और उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या से पहले यौन शोषण के संकेत मिले हैं, जिसके कारण उनके पिता ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के अंदर उनकी बेटी का बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।
सीसीटीवी की पड़ताल में मिला सबूत
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने कॉलेज के एक हॉल में एक कमांड सेंटर स्थापित किया, जिसमें सीसीटीवी फुटेज का हर घंटे विश्लेषण करने के लिए 15 लैपटॉप लगे थे। शुरुआती निष्कर्षों से पता चला कि अपराध सुबह 4 से 6 बजे के बीच हुआ, यानी पीड़ित के खाने के चार घंटे बाद।
सीसीटीवी की जांच करते समय अधिकारियों ने सुबह 4 बजे के आसपास रॉय के प्रवेश को देखा और फुटेज को फ्रेम दर फ्रेम देखने पर उन्होंने पाया कि आरोपी संजय अपने ईयरफोन के बिना अस्पताल से बाहर निकला था।
पुलिस ने मौके पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सों से भी पूछताछ की और रॉय की मौजूदगी को साबित करने के लिए सबूत इकट्ठा किए। सबूतों में अपराध स्थल पर मिला टूटा हुआ ब्लूटूथ ईयरफोन भी शामिल है। पूछताछ के दौरान रॉय काफी डरा हुआ दिखा, जिसके बाद उसने अपने अपराध को कबूल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications