Kolkata: BJP MLA हिरण्मय चट्टोपाध्याय ने विधानसभा स्पीकर पर लगाया बड़ा आरोप, सदन से एक और विधायक निलंबित
Kolkata: अभिनेता से नेता बने हिरण्मय चट्टोपाध्याय (Hiranmoy Chattopadhyay) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष पर बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष पर उस समय माइक बंद करने का आरोप लगाया जब वो पश्चिम बंगाल लोक सेवा अधिकार आयोग पर बोल रहे थे।
सोमवार, 10 मार्च से प.बंगाल राज्य विधानसभा का विस्तारित बजट सत्र शुरु हो गया। आज का सत्र हंगामेदार रहा और सदन से एक बीजेपी विधायक को सस्पेंड कर दिया गया।

'माइक्रोफोन बंद कर दिया...कुछ लोगों को बाहर निकाला', बीजेपी विधायक
भाजपा विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय ने विधानसभा स्पीकर पर एलिगेशन लगाते हुए कहा कि अध्यक्ष ने उस समय माइक बंद कर दिया जब वे विधानसभा में सरकार से प.बंगाल लोक सेवा अधिकार आयोग के 10 साल के काम पर सवाल कर रहे थे।
भाजपा विधायक ने स्पीकर बिमान बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, "2015 में पश्चिम बंगाल लोक सेवा अधिकार आयोग का गठन किया गया था। पिछले दस सालों में आयोग ने कुछ नहीं किया। मैं उनसे (सरकार से) सवाल कर रहा था कि जब आयोग ने पिछले दस सालों में कोई काम नहीं किया है, तो फिर आयोग के विज्ञापन और इसके प्रमुखों को वेतन देने पर हर साल 50 करोड़ रुपये क्यों खर्च किए जा रहे हैं?"
उन्होंने आगे कहा कि जब मैं विधानसभा में तथ्य और सबूत रख रहा था, तो उन्होंने (अध्यक्ष ने) मेरा माइक्रोफोन बंद कर दिया और कुछ साथियों को मार्शल के जरिए सदन से बाहर निकाल दिया गया।
सुवेंदु अधिकारी ने स्पीकर को कहा 'बायस्ड'
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष को ममता बनर्जी के कैडर कहा। उन्होंने कहा कि वो न्यूट्रल नहीं है वो पूरी तरह से पक्षपात करते हैं। उनका भाजपा विधायकों के प्रति पूर्वाग्रह है।
19 मार्च तक चल सकता है सत्र
राज्य विधानसभा का विस्तारित सत्र 19 मार्च तक चल सकता है। इस बजट सत्र में हर दिन प्रश्न-उत्तर सत्र रखा जाएगा और 13 मार्च को विधानसभा में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक होने की भी संभावना जताई जा रही है। बता दें कि इससे पहले 17 फरवरी को विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा एमएलए सुवेंदु अधिकारी समेट चार विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications