'ममता दीदी' पर टिप्पणी बीजेपी उम्मीदवार को पड़ी भारी, ECI ने अभिजीत गंगोपाध्याय को भेजा कारण बताओ नोटिस
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अलग-अलग पार्टी नेताओं की एक दूसरे के ऊपर टिप्पणी लगातार जारी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय को भारतीय चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने गंगोपाध्याय को पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणी के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तृणमूल कांग्रेस द्वारा दायर एक शिकायत में कहा गया है कि गंगोपाध्याय ने कथित तौर पर हल्दिया में एक चुनावी बैठक के दौरान ममता बनर्जी के बारे में लैंगिक टिप्पणी की। बता दें, गंगोपाध्याय पश्चिम बंगाल के तमलुक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव पैनल ने गंगोपाध्याय की टिप्पणियों को आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) और ईसीआई की सलाह का उल्लंघन पाया। आयोग ने टिप्पणियों को "अनुचित, अविवेकपूर्ण, हर मायने में गरिमा से परे और खराब स्वाद वाला" बताया और गंगोपाध्याय को 20 मई तक जवाब देने को कहा है।
टीएमसी ने चुनाव आयोग से गंगोपाध्याय के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा
टीएमसी ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि गंगोपाध्याय ने ममता बनर्जी की शक्ल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उनके लिंग पर सवाल उठाए। टीएमसी ने ईसीआई को एक शिकायत में कहा था, "गंगोपाध्याय ने कुछ बेहद आपत्तिजनक बातें कही हैं, जैसे, 'ममता बनर्जी, आप कितने में बिक रही हैं? आपकी दर 10 लाख है, क्यों? क्योंकि आप अपना मेकअप केया सेठ करवा रही हैं। कभी-कभी मुझे आश्चर्य होता है ममता बनर्जी, क्या वह भी एक महिला हैं?"
बीजेपी ने वीडियो को बताया फर्जी
गंगोपाध्याय ने इस विवाद पर कोई टिप्पणी नहीं की है, जबकि भाजपा ने इस वीडियो को फर्जी बताया है। बंगाल भाजपा के मुख्य प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, "वीडियो फर्जी है। यह टीएमसी की चाल है। यह भाजपा को बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो जारी करता है, हालांकि इस तरह की रणनीति का लोकसभा चुनाव के नतीजों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।"
ECI ने 20 मई तक मांगा जवाब
ईसीआई ने गंगोपाध्याय को नोटिस जारी कर कहा है कि वो 20 मई तक इस बारे में जवाब दें। नोटिस में कहा गया, "आपको 20 मई 2024 को 5 बजे शाम तक, आपके खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए उचित कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए के लिए कारण बताने के लिए कहा जाता है।"












Click it and Unblock the Notifications