कोलकाता एयरपोर्ट की नई गाइडलाइन, इन राज्यों से आने वालों को दिखानी होगी कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट
कोलकाता एयरपोर्ट पर इन राज्यों के यात्रियों को दिखानी होगी कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट
कोलकाता, 4 अप्रैल: कोलकाता एयरपोर्ट ने चार राज्यों के यात्रियों के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट जरूरी कर दी है। कोलकाता एयरपोर्ट की ओर से कहा गया है कि कोलकाता एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना आने वाले यात्रियों से कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट मांगी जाएगी। यात्री को आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। जो कि प्रस्थान से 72 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए।

कोलकाता हवाई अड्डे ने अपनी गाइडलाइंस में कहा है कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार और डीडीसीए के दिशानिर्देशों के अनुसार ये फैसला लिया गया है। पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में कोरोना के मामले बढ़े हैं। मंगलवार को पश्चिम बंगाल में 4,800 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद ये फैसला लिया गया है। देश में इस समय महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना सबेस ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्यों में हैं। ऐसे में इन राज्यों के यात्रियों के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट जरूरी की गई है।
कई राज्य ला चुके इस तरह के नियम
देश के कई राज्यों के लोगों को दूसरे राज्यों में एंट्री पर कोरोना निगेटिव रिपोर्ट इस समय दिखानी पड़ रही है। केंद्र शासित प्रदेश अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में एंट्री करने वाले सभी यात्रियों के पास कोरोना निगेटिव रिपोर्ट होनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर एयरपोर्ट से ही आपको वापस भेज दिया जाएगा। बिहार में केरल, महाराष्ट्र और पंजाब से आने वाले यात्रियों के पास निगेटिव रिपोर्ट होना चाहिए।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों को RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट ले जाना अनिवार्य है, जो 72 घंटे से ज्यादा पुरानी ना हो। वहीं जम्मू और कश्मीर में एंट्री करने वाले देश के सभी राज्यों के यात्रियों के लिए RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट जरूरी है, जो 72 घंटे के अंदर का हो।
देश में बढ़ रहे कोरोना के मामले
देश में कोरोना वायरस के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ् मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 1,84,372 नए मामले सामने आए हैं, जो कि नया रिकॉर्ड है। इस दौरान 1027 लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई है, जबकि 82,339 लोगों ने कोरोना वायरस को मात दी है। नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1,38,73,825 तक पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि नए मामलों में तेजी से हो रही बढ़ोत्तरी के कारण देश में एक्टिव केस बढ़कर 13,65,704 तक पहुंच गए हैं। वहीं, कोरोना वायरस अभी तक कुल 1,72,085 लोगों की जान ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications