TMC 25th Foundation Day: जानिए कैसे हुई थी टीएमसी की स्थापना, आज देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी
आज टीएमसी का 25वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर ममता बनर्जी ने लोगों के विश्वास और कार्यकर्ताओं के सहयोग को याद करते हुए सबको बधाई दी।

TMC 25th Foundation Day: आज यानी 01 जनवरी को तृणमूल कांग्रेस का स्थापना दिवस है। इस मौके पर टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को बधाई दी है। ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर ट्विटर पर मां, माटी, मानुष की शक्ति में विश्वास करने के लिए बधाई दी। आज से 25 साल पहले यानी ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की 1 जनवरी 1998 से राजनीतिक पार्टी के तौर पर स्थापित किया था।

ममता दीदी ने ट्वीट कर दी बधाई
रविवार को ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए लिखा, "आज से 25 साल पहले टीएमसी अस्तित्व में आई थी। मैं वर्षों से पार्टी के संघर्ष और लोगों को सशक्त बनाने, अन्याय से लड़ने और लोगों में आशा जगाने में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा निभाई गई भूमिका को याद करती हूं। मां, माटी, मानुष की शक्ति में विश्वास करने के लिए मैं सभी को हृदय से बधाई देती हूं।"

कांग्रेस से अलग होने के बाद बनाई खुद की पार्टी
मालूम हो कि कांग्रेस के साथ ममता बनर्जी के 25 साल रहने के बाद हुए मतभेदों को लेकर तृणमूल कांग्रेस बनाई गई थी। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर 1 जनवरी, 1998 को टीएमसी का गठन किया था। टीएमसी जो एक क्षेत्रीय पार्टी के रूप में उभरी, 2016 में एक राष्ट्रीय पार्टी के रूप में उभरी। पार्टी ने 2011 में पश्चिम बंगाल में 34 साल के वाम शासन को समाप्त कर दिया और तब से लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता में है। कांग्रेस में 25 साल रहने के बाद पार्टी से अलग हुई ममता बनर्जी की पार्टी को बंगाल में सत्ता 2011 में हासिल हुई थी।

टीएमसी संसद में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी
आपको बता दें कि 1998 में पार्टी की स्थापना के बाद से साल 2011 तक टीएमसी ने जमीन पर काफी संघर्ष किया। उस दौरान नंदीग्राम आंदोलन में टीएमसी की भूमिका ने दल को सत्ता तक पहुंचाने में काफी मदद की थी। मौजूदा वक्त में लोकसभा में 23 और राज्यसभा में 13 सदस्यों के साथ भाजपा और कांग्रेस के बाद टीएमसी संसद में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है।












Click it and Unblock the Notifications