Bengal: टकरार की खबरों के बीच ममता और अभिषेक ने की TMC नेताओं के साथ अहम बैठक
नई दिल्ली, 12 फरवरी: पश्चिम बंगाल की मुख्य राजनीतिक पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में भी अब आपसी टकरार की खबरें सामने आ रही हैं। दावा किया जा रहा कि ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी में दरार बढ़ गई है। इसको लेकर शनिवार को कोलकाता में मुख्यमंत्री आवास पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में एक बैठक हुई।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी में 'वन मैन, वन पोस्ट' पॉलिसी का विरोध तेज हो गया है। इसी वजह से अभिषेक बनर्जी और ममता के बीच भी विवाद की स्थिति है। इसको लेकर ही ममता और अभिषेक ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई। इस बैठक में पॉलिसी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि दोनों में क्या फैसला हुआ इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
ऐसे समझें मामला
पिछले साल जब अभिषेक बनर्जी टीएमसी के महासचिव बने तो उन्होंने 'वन मैन, वन पोस्ट' पॉलिसी को सबके सामने रखा। पिछले साल ममता बनर्जी ने इसमें ढील दी और खुद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव के लिए 6 विधायकों को नामित करने का फैसला लिया। हाल ही में अभिषेक बनर्जी के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर #OneManOnePost कैंपेन चलाया, जिससे पार्टी की काफी फजीहत भी हुई। कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ममता समर्थक इसे पार्टी सुप्रीमो के खिलाफ विद्रोह के रूप में देख रहे हैं।
मंत्री ने I-PAC पर लगाया आरोप
इस पूरे विवाद में राजनीतिक सलाहकार प्रशांत किशोर और उनकी कंपनी I-PAC की भी भूमिका मानी जा रही है। हाल ही में ममता सरकार में राज्य मंत्री (MoS) चंद्रिमा भट्टाचार्य के ट्विटर हैंडर से #OneManOnePost का समर्थन किया गया था, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने आरोप लगाया कि I-PAC ने बिना उनकी जानकारी के उनके अकाउंट से कैंपेन का समर्थन किया। हालांकि पीके की कंपनी ने इसे निराधार आरोप बताया है।












Click it and Unblock the Notifications