पश्चिम बंगाल: चुनाव बाद हिंसा से जुड़े मामलों में सीबीआई ने 11 को किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल: चुनाव बाद हिंसा से जुड़े दो मामलों में सीबीआई ने 11 को किया गिरफ्तार
कोलकाता, 11 सितंबर: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में 11 गिरफ्तारियां की हैं। जांच एजेंसी की ओर से बताया गया है कि चुनाव बाद हिंसा से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में ये गिरफ्तारियां हुई हैं। सीबीआई ने चार लोगों तो शनिवार को गिरफ्तार किया था और सात गिरफ्तारियां रविवार को हुई हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हिंसा, हत्याओं और दूसरों अपराधों के संबंध में अब तक सीबीआई ने 34 प्राथमिकी दर्ज की हैं।

टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या से जुड़े केस में 4 गिरफ्तार
सीबीआई ने शनिवार को बंगाल के कूचबिहार जिले के तूफानगंज में तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या के मामले में शनिवार को चार बीजेपी समर्थकों को गिरफ्तार किया था। इनको आज कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सीबीआई कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। कलकत्ता हाईकोर्ट की पांच सदस्यीय बेंच ने बीते महीने राज्य के विधानसभा चुनावों के बाद कथित तौर पर हिंसा, दुष्कर्म और हत्या के मामलों की जांच सीबीआई को सौंपी थी।

सीबीआई दाखिल कर चुकी चार आरोप पत्र
सीबीआई पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा के मामलों की जांच में चार आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। शनिवार को ही सीबीआई ने चौथा आरोपपत्र दाखिल किया है। तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता की कथित हत्या के संबंध में नदिया जिले की कृष्णानगर अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया।सीबीआई पहले ही उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा और बीरभूम जिले के नलहाटी तथा रामपुरहाट में हुई घटनाओं के संबंध में विभिन्न अदालतों में तीन आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।

इस साल मार्च अप्रैल में हुए थे चुनाव
पश्चिम बंगाल में इस साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा के चुनाव हुए थे। चुनाव के नतीजे 2 मई को आए थे। बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने और टीएमसी को पूर्ण बहुमत से जीतने के बाद हिंसा की कुछ खबरें आई थीं। बीजेपी का आरोप है कि ममता सरकार ने जानबूझकर ये हिंसा करवाई, जिसमें विपक्ष को निशाना बनाया गया और आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।












Click it and Unblock the Notifications