पशु तस्करी का मामला: ED ने पूछताछ के लिए TMC MLA, अनुब्रत मंडल की बेटी और 2 लोगों को बुलाया
Cattle Smuggling Case: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी ने कहा कि टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या मंडल, उनके ड्राइवर तूफान मिड्डा और बीरभूम जिले के लाबपुर कॉलेज के गैर-शिक्षण कर्मचारियों को तलब किया गया है।

Cattle Smuggling Case TMC ED News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के तृणमूल कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन, टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या और दो अन्य को कथित पशु तस्करी की चल रही जांच के संबंध में अगले सप्ताह नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है। ईडी ने गुरुवार को ये जानकारी दी है।
ईडी अधिकारी ने बताया कि सुकन्या मंडल, उनके ड्राइवर तूफान मिड्डा और बीरभूम जिले के लाबपुर कॉलेज के गैर-शिक्षण कर्मचारियों विजय रजक को 20 मार्च को दिल्ली में ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी सरकार के पूर्व मंत्री और एक व्यवसायी जाकिर हुसैन को भी सभी आवश्यक दस्तावेज ले जाने के लिए कहा है। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''मवेशी तस्करी मामले में हमने जाकिर हुसैन को तलब किया है। हालांकि जांच एजेंसी ने उनके पेश होने की तारीख का खुलासा नहीं किया है।
इधर जाकिर हुसैन ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उन्हें अभी तक समन नहीं मिला है। आयकर विभाग ने इस साल जनवरी में जाकिर हुसैन से जुड़ी संपत्तियों से 11 करोड़ रुपये नकद जब्त किए थे।
सुकन्या मंडल को पहले बुधवार को दिल्ली में ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह पूछताछ के लिए नहीं गई थीं। सुकन्या मंडल ने ईडी के कार्यालय को एक मेल भेजकर पेश होने के लिए समय मांगा था। सुकन्या मंडल इससे पहले दो कंपनियों के खातों के माध्यम से किए गए कुछ फर्जी लेनदेन से संबंधित पूछताछ के लिए ईडी अधिकारियों के सामने पेश हुई थी।
दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के नेता कृपामय घोष को गुरुवार की रात दिल्ली में केंद्रीय जांच एजेंसी के कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications