कोलकाता में BJP का विरोध प्रदर्शन हुआ हिंसक, हाईकोर्ट ने ममता सरकार से मांगी रिपोर्ट
कोलकाता, सितंबर 13। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। पूरे कोलकाता के अंदर जगह-जगह पर हिंसक और आगजनी की घटनाएं हुई हैं। सार्वजनिक संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हिंसक झड़प भी देखने को मिली। इस पूरे घटनाक्रम पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है।

19 सितंबर तक देनी होगी रिपोर्ट
हाईकोर्ट ने कोलकाता पुलिस को निर्देश देते हुए कहा है कि पुलिस यह सुनिश्चित करे कि किसी भी व्यक्ति को अवैध रूप से गिरफ्तार नहीं किया जाए और सार्वजनिक संपत्ति को भी कोई नुकसान न हो। कलकत्ता हाईकोर्ट ने आज के हिंसक विरोध प्रदर्शन को लेकर राज्य के गृह सचिव से 19 सितंबर तक रिपोर्ट मांगी है।
हजारों की संख्या में सड़कों पर आए बीजेपी कार्यकर्ता
आपको बता दें कि मंगलवार को भाजपा ने सत्तारूढ़ टीएमसी सरकार के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता कोलकाता की सड़कों पर उतर आए। पहले प्रदर्शन शांतिपूर्ण ही थी, लेकिन पुलिस और प्रदर्शकारियों के आमने-सामने आने के बाद यह प्रदर्शन हिंसक हो गया और फिर जगह-जगह मारपीट और आगजनी की घटनाएं हुईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिय।
बीजेपी के बड़े नेता लिए गए हिरासत में
पत्थरबाजी की घटनाओं में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। हावड़ा पुल के पास प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों का सहारा लिया। कोलकाता के हेस्टिंग्स से विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, राहुल सिन्हा और सांसद लॉकेट चटर्जी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं को हिरासत में भी लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications