हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, CBI करेगी पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा की जांच
कोलकाता, 19 जुलाई: बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 2 मई को आए, जिसमें पूर्ण बहुमत से जीतने के बाद ममता बनर्जी ने दोबारा राज्य में सरकार बनाई। इसके बाद बंगाल के कई इलाकों में राजनीतिक हिंसा हुई। बीजेपी का आरोप है कि ममता सरकार ने जानबूझकर ये हिंसा करवाई, जिसमें विपक्ष को निशाना बनाया गया। इसके अलावा आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि अब मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं।

Recommended Video
दरअसल ममता सरकार पर कार्रवाई ना करने का आरोप लगाते हुए मामला कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचा था, जहां पर सभी पक्षों को सुनने के बाद गुरुवार को हाईकोर्ट ने मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए। हालांकि कोर्ट ने केंद्र के सामने कुछ शर्तें रखी हैं। जिसके तहत पूरी जांच अदालत की निगरानी में होगी। इसके अलावा एक SIT का गठन किया जाएगा, जिसमें सिर्फ बंगाल कैडर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बीजेपी ने कही ये बात
वहीं बीजेपी ने कोर्ट के इस आदेश पर खुशी जाहिर की है। मामले में बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में चुनाव के बाद की हिंसा राज्य सरकार के संरक्षण में हुई। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश ने सरकार की पोल खोल दी है। हम अदालत के आदेश का स्वागत करते हैं। साथ ही उम्मीद करते हैं कि जल्द ही पीड़ितों को न्याय मिलेगा।
मानवाधिकार आयोग ने पूरी की जांच
आपको बता दें बंगाल में हिंसा के तुरंत बाद मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे। जिसकी रिपोर्ट में ममता सरकार को दोषी माना गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि दुष्कर्म और हत्या जैसे मामलों की जांच सीबीआई से करवाई जाए। इसके अलावा इनकी सुनवाई बंगाल के बाहर हो। आयोग ने कोर्ट की निगरानी में भी जांच करवाए जाने का प्रस्ताव रखा था।












Click it and Unblock the Notifications