पश्चिम बंगाल: बीजेपी ने कहा- पहले भी EC नहीं करा पाया था निष्पक्ष चुनाव, उपचुनाव में भी गड़बड़ी का अंदेशा
पश्चिम बंगाल: बीजेपी ने कहा- पहले भी EC नहीं करा पाया था निष्पक्ष चुनाव, उपचुनाव में भी गड़बड़ी का अंदेशा
कोलकाता, 12 सितंबर: पश्चिम बंगाल में तीन सीटों पर इस महीने होने वाले उपचुनाव में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी की ओर से गड़बड़ी का अंदेशा जाहिर किया गया है। पश्चिम बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष और सांसद अर्जुन सिंह ने सोमवार को कहा है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीनों सीटों पर उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए इन क्षेत्रों में अपने कार्यकर्ताओं को भेज रही हैं। इसलिए भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षाबलों को तैनात किया जाना जरूरी है। वहीं उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाए हैं और कहा कि विधानसभा चुनाव निष्पक्ष नहीं था।

अर्धसैनिक बलों की 40-40 कंपनियां तैनात की जाएं
अर्जुन सिंह ने उपचुनाव को लेकर कहा, ये उपचुनाव एक तरह से जबरदस्ती थोपा गया है और इसे प्रभावित करने की कोशिशें हो रही हैं। सीएम खुद चुनाव लड़ रही हैं, इसलिए वह लोगों पर असर डाल सकती हैं। सीएम ममता बनर्जी वोट बढ़ाने के लिए सभी 3 निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भेज रही हैं। ऐसे में हमने चुनाव आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों को सभी तीनों सीटों पर तैनात करने का आग्रह किया है। तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में अर्धसैनिक बलों की 40-40 कंपनियां तैनात की जानी चाहिए।

चुनाव आयोग नहीं करा सका था निष्पक्ष चुनाव
अर्जुन सिंह ने आगे कहा, हमने देखा था कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में असमर्थ रहा था। इस बार भी हमें कई आशंकाएं हैं, हम इन मुद्दों पर जल्द ही चुनाव आयोग के पास जाएं और अपना पक्ष रखेंगे। हम चाहते हैं कि उपचुनाव में कोई गड़बड़ ना हो।

तीन सीटों पर हो रहा चुनाव, ममता बनर्जी उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल में तीन सीटों पर 30 सितंबर को उपचुनाव होना है। इसमें सबसे अहम कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट है। जहां से ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं।ममता बनर्जी इस सीट से पहले भी विधायक रही हैं लेकिन इस विधानसभा चुनाव उन्होंने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था, जहां वो भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से हार गई थीं। नतीजे आने के बाद भवानीपुर से जीते शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने विधायक पद से इस्तीपा दे दिया था। अब इस सीट से ममता बनर्जी उम्मीदवार हैं।
भवानीपुर के अलावा समसेरगंज और जंगीपु विधानसभा सीट पर भी 30 सितंबर को वोट पड़ेंगे। इस साल मार्च अप्रैल में विधानसभा चुनाव के दौरान समसेरगंज और जंगीपुर में विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों की मौत की वजह से चुनाव नहीं हो सके थे। तीनों सीटों पर मतगणना तीन अक्टूबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications