पश्चिम बंगाल: पंचायत चुनाव में हिंसा पर ममता बनर्जी पर भड़के सुवेंदु अधिकारी, CBI-NIA जांच की मांग
West Bengal Panchayat Elections Violence: पश्चिम बंगाल में शनिवार (08 जुलाई) को संपन्न हुए पंचायत चुनावों के दौरान जमकर हिंसा की घटनाएं देखने को मिली। कई जिलों हिंसा की घटनाओं के बीच मतदान जारी रहा। इसमें सत्तारूढ़ टीएमसी के आठ और भाजपा, सीपीआई (एम), कांग्रेस और आईएसएफ के एक-एक कार्यकर्ता सहित 12 लोगों की मौत हो गई।
वहीं अब पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से इन घटनाओं की जांच की मांग की है।

बीजेपी ने की CBI-NIA जांच की मांग
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में इतना गोला बारूद आया, अधिकतर मृत्यु गोली से हुई हैं। यह सब कौन भेजा? इसकी फंडिंग किसने की? यह देश विरोधी ताकतें हैं इसलिए इसकी जांच NIA द्वारा की जानी चाहिए।
लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म- अधिकारी
उन्होंने आगे कहा कि आज (8 जुलाई) लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो गया है। हमारी मांग है कि जहां भी CCTV नहीं है और जहां भी चुनाव में धांधली हुई वहां फिर से मतदान कराया जाए। इनके (राज्य चुनाव आयोग) के खिलाफ 302 के तहत FIR दर्ज किया जाना चाहिए।
हम काली पट्टी बांधकर विरोध कर रहे-सुवेंदु
कोलकाता में मीडिया से बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा, "हिंसा प्रभावित इलाकों में धारा 144 लगाई जानी चाहिए और सभी बूथों पर सीएपीएफ तैनात किया जाना चाहिए। आज हम काली पट्टी बांध रहे हैं क्योंकि यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है। हम सीबीआई, एनआईए जांच की मांग करते हैं।"
कोर्ट जाने की कही बात
उन्होंने आगे कहा, "राज्य में हुई हिंसा के लिए सीएम ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं। बूथों पर सीआरपीएफ की तैनाती क्यों नहीं की गई? हम आज की हिंसा में मृतकों के परिवार के सदस्यों के साथ अदालत जाएंगे और घटना की विस्तृत जांच की मांग करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications