कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में मिथुन चक्रवर्ती को नहीं बुलाने पर भाजपा ने खड़ा किया सवाल, कह डाली ये बात

कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवलल 2022 में तमाम बॉलीवुड की हस्तियों ने शिरकत की। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने इन तमाम हस्तियों के साथ मंच साझा किया। जिन बड़ी हस्तियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया उसमे अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, महेश भट्ट, रानी मुखर्जी, कुमार शानू अहम हैं। लेकिन जिस तरह से मिथुन चक्रवर्ती को इस कार्यक्रम से दूर रखा गया उसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है।
अमित मालवीय ने ट्वीट करके लिखा ममता बनर्जी ने सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती, बंगाल के बेटे को कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में नहीं बुलाया। उन्होंने शाहरुख खान को बंगाल का ब्रांड अंबेसडर चुना नाकि सौरव गांगुली को, जोकि पश्चिम बंगाल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रह चुके हैं। अमित मालवीय ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा कि उन्होंने हमेशा बंगालियों की सफलता को छोटा करके दिखाया है। दरअसल जिस तरह से इस कार्यक्रम में शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर निगेटिविटी को लेकर बात की थी उसके बाद अमित मालवीय ने ममता बनर्जी पर हमला बोला है।
कार्यक्रम के दौरान शाहरुख खान ने कहा कि अक्सर सोशल मीडिया पर नकारात्मकता देखने को मिलती है, जो तोड़ने वाली और बांटने वाली होती है। हालांकि शाहरुख ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने कहा कि सिनेमा के जरिए इस निगेटिविटी को खत्म किया जा सकता है। शाहरुख ने कहा कि कुछ दिनों से हम लोग यहां नहीं आ पाए, लेकिन अब दुनिया सामान्य हो गई है, मैं बहुत खुश हूं, मैं आपको यह बताना चाहता हूं कि दुनिया कुछ भी कर ले, मैं और आपलोग और जितने भी पॉजिटिव लोग हैं, वह जिंदा हैं।
गौर करने वाली बात है कि शाहरुख खान की आने वाली फिल्म पठान को लेकर काफी विवाद हो रहा है। जिस तरह से दीपिका पादुकोड़ भगवा रंग की बिकिनी पहनकर बेशरम रंग गाने पर डांस कर रही हैं उसको लेकर विवाद हो रहा है। मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा, महाराष्ट्र से भाजपा विधायक राम कदम ने फिल्म के बहिष्कार की धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि वह फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। इंदौर में शाहरुख खान के पुतले भी लोगों ने जलाए हैं। हालांकि अभी तक पठान फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस बारे में कोई बयान सामने नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications